महाराष्ट्र। “ये साल बहुत बुरा है.. पानी ही नहीं है। कपास हुई नहीं.. पानी होता तो आगे हम मक्का, ज्वार बाजरा, गेहूं बोते।” मजदूरों के साथ अपने खेत में इक्का-दुक्का दिखाई दे रही कपास चुनते जलगांव के किसान संदीप पाटिल ने कहा।
““अगर बारिश हुई होती तो ये कपास कम से कम 6 फीट की होती लेकिन अब 2 कहीं 3 फीट है बढ़ पाई है। हर साल 4 एकड़ से हम औसतन 2-3 लाख रुपए कमाते थे, इस साल एक लाख रुपए निकालना भी मुश्किल है।” अपनी झोली में रखी थोड़ी सी कपास दिखाते हुए संदीप आगे कहते हैं।

संदीप पाटिल के गांव से करीब 175 किलोमीटर दूर छत्रपति संभाजीनगर के दूधड गांव में फसलों के नुकसान का आकंलन करने आए ग्राम पंचायत अधिकारी संतोष मर्मठ पंचनामे के दौरान कहते हैं, “इस साल यहां जीरो उत्पादन है। खरीफ की फसल 100 फीसदी बर्बाद हो चुकी है, जबकि रबी की फसल जीरो रहने की आशंका है। यहां बारिश के अलावा पानी का कोई दूसरा स्रोत नहीं है। दो महीने बाद पीने के पानी का संकट खड़ा हो जाएगा।”
महाराष्ट्र इन दिनों भीषण सूखे की चपेट में है। प्रदेश की 358 तालुकाओं (तहसील) में से 304 को सूखा ग्रस्त घोषित किया गया है। मानसून में कम बारिश, लंबे समय तक बारिश न होने और गर्मी के चलते खरीफ की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। कपास, सोयाबीन, उड़द मूंग के साथ ही मक्के की पैदावार में भारी गिरावट आई है। इकोनॉमिक सर्वे ऑफ महाराष्ट्र 2023-24 के मुताबिक प्रदेश की कुल जोत का 80 फीसदी हिस्सा मानसून के बारिश पर निर्भर है। साल 2026 में बारिश की कमी, लंबे समय तक बारिश न होना और बढ़ते तापमान ने फसलों को नुकसान पहुंचाया ही, तालाबों और बाउड़ी सूखने से पशुओं के लिए चारे का भी संकट है। सूखे के चलते रबी सीजन भी मुश्किल में है।
““मेरे यहां (लातूर जिला) में पिछले साल अतिवृष्टि थी और 1040 मिलीमीटर बारिश हुई थी और इस साल जून से सितंबर तक 365 मिलीमीटर ही बारिश हुई है। जमीन में नमी नहीं है। अलनीनो की वजह से फसलों का भारी नुकसान हुआ है। मराठवाड़ा में अब अगले साल जून 2027 तक पानी की किल्लत रहेगी। जिनके पास बोरवेल या बावड़ी है तो वे मुश्किल से 10 फीसदी में कुसुम (तिलहनी फसल) या ज्वार आदि की बुवाई करेंगे। बाकी सब खाली रहेगा।” महारुद्र शेट्टे फोन पर न्यूज पोटली को बताते हैं।

मराठवाड़ा में लातूर जिले की निलंगा तालुका के उस्तारी गांव में रहने वाले महारुद्र जागरूक किसान हैं, मौसम, बारिश के पौटर्न पर लगातार नजर रखते हैं। शेट्टे महाराष्ट्र में सूखे के चलते हुए फसली नकुसान का सोयाबीन की फसल में पैदावार से समझाते हैं।
““ज्यादातर किसानों का सोयाबीन का उत्पादन 2-3 क्विंटल है, जिनके पास थोड़ा पानी का इंतजाम था वे 4 क्विंटल है तक पैदावार ले पाए हैं, लेकिन पिछले साल ये उत्पादन 7 क्विंटल है प्रति एकड़ से ज्यादा था। सोयाबीन का भाव (5 नवंबर) को 6900 रुपए प्रति क्विंटल था, ऐसे में किसान को मुश्किल से 14000-18000 रुपए मिलेंगे। जबकि एक एकड़ में बीज से लेकर हार्वेस्टिंग तक सोयाबीन की लागत 28000 रुपए प्रति एकड़ है। किसान कहां जाएगा?”
न्यूज पोटली को भेजे अपने वीडियो में अपने खेत की तुअर (अरहर) की फसल को दिखाते हुए महारुद्र कहते हैं, “ये तुअर में फूल आने का समय है लेकिन नहीं न होने से फूल का फली में बदल पाना मुश्किल है। पिछले साल इसी खेत में 4 क्विंटल है प्रति एकड़ का उत्पादन, इस बार एक क्विंटल मुश्किल होगा। किसानों के साथ-साथ अनाज खाने वालों के लिए भी आने वाले समय में मुश्किल होगी। किसान बहुत परेशान हैं, ऐसे हालात कर्नाटक में भी हैं।”
कर्नाटक की 240 में से 217 में तालुका सूखा
शेट्टे का गांव कर्नाटक के कलबुर्गी जिले की सीमा पर है। मराठवाड़ा के लातुर, उस्मानाबाद, नांदेड़ और कर्नाटक के इस हिस्से को भारत की दाल बेल्ट कहा जाता है। महाराष्ट्र का पड़ोसी राज्य कर्नाटक भी भीषण सूखे का सामना कर रहा है, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. शिवकुमार के मुताबिक प्रदेश की 240 में से 217 तालुका सूखा प्रभावित है। राज्य को करीब 620000 करोड़ के नुकसान का अनुमान है। राज्य ने केंद्र सरकार से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (NDRF) के तहत 22000 करोड़ रुपए की राहत की मांग की है।
कम बारिश ने बिगाड़े हालात
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 2026 के दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान महाराष्ट्र में कुल 804.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि इस मौसम में औसत बारिश 994.5 मिमी होनी चाहिए थी। आंकड़ों के अनुसार राज्य में सामान्य से करीब 19 फीसदी कम बारिश हुई है। हवामान साक्षरता अभियान, महाराष्ट्र के मुख्य प्रबंधक राहुल रमेश पाटिल लिखते हैं,
महाराष्ट्र में मराठवाड़ा और विदर्भ के हालात ज्यादा खराब हैं। मराठवाड़ा में औसत 642.8 मिमी के मुकाबले सिर्फ 389.6 मिमी बारिश हुई, जो 39 प्रतिशत कम है। विदर्भ में औसत 937.3 मिमी के मुकाबले 687.3 मिमी बारिश दर्ज की गई जो 27 प्रतिशत कम है।
“वे आगे लिखते हैं, मानसून की बारिश में कमी का विश्लेषण करते समय अल नीनो (El Niño) एक महत्वपूर्ण जलवायु कारक हो सकता है। लेकिन महाराष्ट्र में बारिश की 19 प्रतिशत या कुछ जिलों में इससे भी ज्यादा कमी के लिए सिर्फ अल नीनो को जिम्मेदार ठहराना वैज्ञानिक रूप से उचित नहीं होगा।
महाराष्ट्र के हालात को देखकर स्थानीय बुजुर्ग किसान 1972 के दुष्काल को याद करते हैं। जब 2.5 करोड़ से ज्यादा लोग प्रभावित हुए थे।
सूखे से किसान आत्महत्या बढ़ने की आशंका
महाराष्ट्र में सूखती फसलों के साथ किसानों की उम्मीदों ने भी दम तोड़ना शुरू दिया है। सूखे के चलते कई जिलों में किसान आत्महत्या की खबरें आई हैं। छत्रपति संभाजीनगर जिले के मुरुमखेड़ा गांव के निवासी 36 साल के किसान विजय गोविंदराव बचाटे ने 28 सितंबर को आत्महत्या का प्रयास किया। इलाज के दौरान 29 सिंतबर को उनकी मौत हो गई। 30 सितंबर को न्यूज पोटली टीम मुरुमखेड़ा पहुंची तो गांव के बाहर एक जर्जर घर में टीन के नीचे कुछ महिलाएं एक बुजुर्ग महिला को ढांढस बंधा रही थीं। वह विजय की मां जीजाबाई थीं। न्यूज पोटली को उन्होंने रोते हुए मराठी में बताया, “इस सूखे ने मेरा बेटा छीन लिया। उसने कर्ज और कुछ लोगों से पैसे उधार लेकर सोयाबीन बोई थी, घर के बगल वाले खेत में मल्चिंग बिछाकर मिर्च लगाई थी। कुछ मक्का भी था। लेकिन बिना पानी सब सूख गया। वे कई दिनों से परेशान रहे और अंत में आत्महत्या कर ली।”
घर से लगभग 150 मीटर दूरी पर चिता की राख और हरा बांस पड़ा था, विजय का सोयाबीन वाले उसी खेत में अंतिम संस्कार किया गया था, जिसमें उन्होंने उम्मीदों से सोयाबीन बोई थी। विजय की आत्महत्या के बाद उनकी पत्नी बेहोश हो गई, अस्पातल में भर्ती कराना पड़ा। अपने पिता की पासपोर्ट साइज की फोटो दिखाते हुए आंठवी में पढ़ने वाले विट्ठल ने कहा, पिता चाहते थे, हम लोग खूब पढ़े, वे कहते थे, तुम लोगों को खेती से आगे जाना है।” विठ्ठल की 7 साल की बहन लक्ष्मी कुछ नहीं बोलती। विजय पर 5 लाख रुपए एक बैंक और टैक्टर की कुछ किस्त बाकी हैं।
महाराष्ट्र में जनवरी 2022 से जून 2026 के बीच 13,128 किसानों ने आत्महत्या की है। आरटीआई कार्यकर्ता के हवाले से इंडियन एक्सप्रेस ने लिखा कि इनमें से राज्य के आपदा एवं पुनर्वास विभाग ने 8145 मामलों को सरकारी सहायता के पात्र माना जबकि 4042 मामलों को अपात्र की श्रेणी में रखे हैं। बाकी जांच जारी है। महाराष्ट्र के राज्य के आपदा एवं पुनर्वास विभाग के अधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक मुताबिक साल 2021 में 2,743 किसान, 2022: 2,942 किसान, 2023 में 2,851 किसान और 2024 में 2,635 किसानों ने आत्महत्या की।
1972 के दुष्काल की काली याद
“महाराष्ट्र के हालात को देखकर स्थानीय बुजुर्ग किसान 1972 के दुष्काल को याद करते हैं। जब 2.5 करोड़ से ज्यादा लोग प्रभावित हुए थे। विजय बचाटे के चाचा न्यूज पोटली को बताते हैं,
“अगर बारिश होती तो सब ठीक होता। यहां ऊपर के पाऊस (बारिश) से ही खेती होती है। न कोई नदी है न नाला, कितना भी खोदो पत्थर ही मिलेंगे। इससे पहले हमने 1972 का दुष्काल (अकाल) देखा था। लेकिन तब घरों में अनाज था, हम लोग ज्यादा मार्केट पर निर्भर नहीं थे, इसलिए बच गए थे। अब तो सब बाजार से आता है।”
बुजुर्ग आगे कहते हैं, मेरे गांव में सब परेशान हैं, खेत में कुछ हुआ नहीं तो शहर जाना पड़ेगा। एनडीएमसी जाना होगा लेकिन वहां भी 10 लोग जाते हैं तो 7 को ही काम मिलता है। और हमारे जैसे बुजुर्गों को कोई काम पर नहीं रखता। हमारा तो अब बीमा भी नहीं होता।”
दीवाली से पहले 5-5 हजार की अग्रिम सहायता
दीवाली से पहले अग्रिम सहायता राशि के तहत 4 नवंबर को 73 लाख किसानों के खातों में 5-5 हजार रुपए भेजे गए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में सूखाग्रस्त तहसीलों के करीब 1.5 करोड़ किसानों को आर्थिक सहायता देने का फैसला हुआ था। ये राशि उन किसानों को डीबीटी के जरिए मिलेगी, जिनकी फसल में 33 फीसदी से अधिक का नुकसान है। छत्रपति संभाजीनगर में मक्के की हार्वेस्टिंग कर रहे एक किसान ने कहा, इसमें न के बराबर पैदावार है, पशुओं के लिए चारे का इंतजाम कर रहे, वरना बेचना पड़ेगा और ऐसे ही हालात रहे तो बच्चों को पढ़ाने और घर चलाने के लिए खेत भी बेचने पड़ जाएंगे।”





