उत्तर प्रदेश के मक्का, बाजरा और ज्वार किसानों के लिए जरूरी खबर है। योगी सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए मोटे अनाज की सरकारी खरीद नीति को मंजूरी दे दी है। इसके तहत किसानों से 31 दिसंबर 2026 तक मक्का, बाजरा और ज्वार खरीदा जाएगा। सरकार ने कुल 2.85 लाख मीट्रिक टन मोटा अनाज खरीदने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए प्रदेश में 455 क्रय केंद्र खोले जाएंगे। बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2,900 रुपये, मक्का का 2,410 रुपये और हाइब्रिड ज्वार का 4,023 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को खरीद के बाद 48 घंटे के भीतर भुगतान करने के निर्देश दिए हैं।
मक्का, बाजरा और ज्वार का MSP कितना मिलेगा?
खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय के मुताबिक, किसानों से भारत सरकार द्वारा तय न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मोटे अनाज की खरीद की जाएगी। इस बार बाजरे और हाइब्रिड ज्वार के MSP में बढ़ोतरी की गई है।
- बाजरा: 2,900 रुपये प्रति क्विंटल। पिछले साल के मुकाबले 125 रुपये की बढ़ोतरी।
- मक्का: 2,410 रुपये प्रति क्विंटल।
- ज्वार (हाइब्रिड): 4,023 रुपये प्रति क्विंटल। पिछले साल के मुकाबले 324 रुपये की बढ़ोतरी।
- ज्वार (मालदांडी): 4,073 रुपये प्रति क्विंटल।
किस फसल की कितनी खरीद होगी?
सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में कुल 2.85 लाख मीट्रिक टन मोटा अनाज खरीदने का लक्ष्य रखा है। इसमें सबसे ज्यादा 2.20 लाख मीट्रिक टन बाजरे की खरीद होगी, जिसके लिए 300 क्रय केंद्र खोले जाएंगे। वहीं, 50 हजार मीट्रिक टन ज्वार खरीदने के लिए 80 और 15 हजार मीट्रिक टन मक्का खरीदने के लिए 75 क्रय केंद्र बनाए जाएंगे। इस तरह प्रदेश में तीनों फसलों की खरीद के लिए कुल 455 क्रय केंद्र खोले जाएंगे। ये केंद्र उन क्षेत्रों में बनाए जाएंगे, जहां संबंधित फसल की पैदावार और आवक अच्छी होती है।
मक्का की खरीद इन 25 जिलों में होगी
मक्का की सरकारी खरीद बुलंदशहर, बदायूं, हरदोई, उन्नाव, मैनपुरी, आगरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़, एटा, कासगंज, हाथरस, कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद, कन्नौज, बहराइच, गोंडा, देवरिया, बलिया, जौनपुर, मीरजापुर, सोनभद्र और ललितपुर में होगी।
बाजरे की खरीद इन 33 जिलों में होगी
बाजरे की खरीद बुलंदशहर, रामपुर, संभल, अमरोहा, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, एटा, कासगंज, हाथरस, कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, फर्रुखाबाद, औरैया, कन्नौज, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर, मीरजापुर, प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, जालौन, चित्रकूट और हमीरपुर में होगी।
ज्वार की खरीद इन 13 जिलों में होगी
ज्वार की सरकारी खरीद बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, कानपुर नगर, कानपुर देहात, फतेहपुर, उन्नाव, हरदोई, मीरजापुर, जालौन, झांसी और फिरोजाबाद में होगी।
सरकारी केंद्र पर अनाज बेचने के लिए क्या करना होगा?
मक्का, बाजरा और ज्वार बेचने के लिए किसानों को खाद्य एवं रसद विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। खरीद केंद्र पर किसानों को खतौनी, फोटो वाला पहचान पत्र और आधार कार्ड के आधार पर अपनी पहचान की पुष्टि करानी होगी।
इसके अलावा, ई-पॉप (इलेक्ट्रॉनिक प्वॉइंट ऑफ परचेज) मशीन के जरिए किसानों का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। सरकार का कहना है कि इससे खरीद में पारदर्शिता बनाए रखने और बिचौलियों को रोकने में मदद मिलेगी।
48 घंटे में भुगतान, मदद के लिए टोल फ्री नंबर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को जल्द भुगतान करने के निर्देश दिए हैं। खरीदे गए अनाज का पैसा किसानों के आधार से जुड़े और NPCI से मैप किए गए बैंक खाते में सीधे भेजा जाएगा। इसके लिए PFMS पोर्टल के माध्यम से बैंक खाते का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के बाद यथासंभव 48 घंटे के भीतर भुगतान करने की व्यवस्था है।
खरीद से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए किसान टोल फ्री नंबर 18001800150 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जिला खाद्य विपणन अधिकारी, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी या विपणन निरीक्षक से भी मदद ली जा सकती है।





