कर्नाटक के सूखा प्रभावित किसानों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार ने पात्र किसानों को 5,000 रुपये की सूखा राहत राशि 1 दिसंबर तक देने का ऐलान किया है। यह रकम दो किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। सरकार के मुताबिक, 'ग्रीन लिस्ट' में शामिल सभी पात्र किसानों को तय समय के भीतर दोनों किस्तों का भुगतान कर दिया जाएगा।
यह फैसला उपमुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री जी. परमेश्वर ने बेंगलुरु के विकास सौधा में राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद लिया। बैठक में सूखे से हुए फसल नुकसान, किसानों को राहत, पीने के पानी और पशुओं के चारे की व्यवस्था की समीक्षा की गई। सरकार ने साफ किया कि केंद्र से मदद मिलने का इंतजार किए बिना अपने स्तर पर किसानों को आर्थिक सहायता दी जा रही है।
57.93 लाख हेक्टेयर में फसल को नुकसान
जी. परमेश्वर के मुताबिक, कर्नाटक में करीब 57.93 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फसल को नुकसान पहुंचा है। इससे राज्य को लगभग 62,481.88 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है। राज्य सरकार ने केंद्र से सूखा राहत के लिए 22,400.58 करोड़ रुपये की मदद मांगी है, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। ऐसे में राज्य सरकार पात्र किसानों को दो किस्तों में 5,000 रुपये की सहायता दे रही है।
पानी और चारे के लिए भी जारी होंगे पैसे
सूखा प्रभावित इलाकों में पीने के पानी की व्यवस्था के लिए सरकार ने हर विधानसभा क्षेत्र को 1 करोड़ रुपये दिए हैं। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त 1 करोड़ रुपये भी जारी किए जाएंगे। अधिकारियों को नए बोरवेल खुदवाने के साथ पुराने और बंद पड़े बोरवेल को दोबारा चालू कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, पशुओं के चारे के लिए सरकार पहले ही 26 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। अब चारा किट और चारे की खरीद के लिए 33 करोड़ रुपये अतिरिक्त देने का फैसला किया गया है।





