उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए अच्छी खबर है। दशहरा के मौके पर किसानों को कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए किसान 7 अक्टूबर से आवेदन कर सकते हैं। अलग-अलग योजनाओं के तहत कृषि यंत्र, फसल अवशेष प्रबंधन के उपकरण, कृषि रक्षा यंत्र और किसान ड्रोन समेत कई मशीनों पर सब्सिडी दी जाएगी।
7 से 20 अक्टूबर तक करना होगा आवेदन
कृषि विभाग के मुताबिक, किसान 7 से 20 अक्टूबर तक विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट पर ‘किसान कॉर्नर’ में जाकर ‘यंत्र बुकिंग प्रारंभ’ के विकल्प पर क्लिक करना होगा। यहीं किसानों को यंत्रों की बुकिंग, अनुदान और पूरी प्रक्रिया की जानकारी भी मिलेगी।
इन कृषि यंत्रों पर मिलेगा अनुदान
नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन के तहत 2166 कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जाएगा। वहीं, फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत 1755 कृषि यंत्रों के लिए भी सब्सिडी मिलेगी। इसके अलावा कृषि रक्षा उपकरण और दूसरी योजनाओं में शामिल कृषि यंत्र भी अनुदान के दायरे में होंगे।
10 लाख रुपये तक की मदद
किसानों को कस्टम हायरिंग सेंटर और फार्म मशीनरी बैंक के लिए 10-10 लाख रुपये तक के प्रावधान के तहत सहायता दी जाएगी। वहीं, फसल अवशेष प्रबंधन के तहत कस्टम हायरिंग सेंटर और एकल कृषि यंत्रों के लिए 30 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान है। इसके अलावा किसान ड्रोन, मक्का विकास कार्यक्रम के तहत मशीनों, मिलेट पर्लर और कृषि रक्षा उपकरणों के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करें और आवेदन से पहले अपनी जरूरत के हिसाब से उपलब्ध कृषि यंत्र और अनुदान की जानकारी जरूर देख लें।





