महाराष्ट्र सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) में आवेदन करने वाले किसानों को बड़ी राहत दी है। अब किसान 10 अगस्त 2026 तक योजना में अपना पंजीकरण करा सकेंगे। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई थी।
राज्य के कृषि मंत्री दत्तात्रय भराणे ने बताया कि कई किसान तकनीकी दिक्कतों, जरूरी दस्तावेज पूरे न होने और अन्य व्यक्तिगत कारणों से समय पर आवेदन नहीं कर पाए थे। इसी को देखते हुए सरकार ने आवेदन की तारीख बढ़ाने का फैसला किया है।
अब तक 61.82 लाख किसानों ने कराया पंजीकरण
कृषि विभाग के अनुसार, अब तक 61.82 लाख किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में पंजीकरण कराया है। सबसे ज्यादा आवेदन मराठवाड़ा क्षेत्र से आए हैं, जबकि कोंकण में सबसे कम किसानों ने योजना का लाभ लिया है।
किसानों से जल्द आवेदन करने की अपील
कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की है कि वे बढ़ी हुई समय सीमा का लाभ उठाएं और 10 अगस्त से पहले अपना आवेदन पूरा कर लें। उन्होंने कहा कि अल नीनो (El Niño) जैसी मौसम संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए फसल बीमा किसानों के लिए बेहद जरूरी है।
कैसे करें आवेदन?
जिन किसानों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे PMFBY Crop Insurance App, आधिकारिक PMFBY वेबसाइट या अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
प्राकृतिक आपदा से मिलेगा आर्थिक सुरक्षा कवच
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को सूखा, बाढ़, अत्यधिक बारिश, ओलावृष्टि और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले फसल नुकसान पर आर्थिक सहायता दी जाती है।
कृषि विभाग ने फसल ऋण लेने वाले किसानों से अपने बैंक से संपर्क करने और बिना ऋण वाले किसानों से 10 अगस्त तक ऑनलाइन या नजदीकी CSC केंद्र पर आवेदन करने की अपील की है।





