जेवर में औद्योगिक विकास को बड़ी रफ्तार मिलने जा रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई दिल्ली में आयोजित यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026 के दौरान जेवर में एस्कॉर्ट्स कुबोटा के नए प्लांट का वर्चुअल भूमिपूजन किया। यह प्लांट यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सेक्टर-10 में बनाया जाएगा। इसके लिए YEIDA ने कंपनी को करीब 190 एकड़ जमीन आवंटित की है।
कंपनी इस परियोजना में दो चरणों में करीब 4,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। यहां ट्रैक्टर, कृषि मशीनरी, निर्माण उपकरण और इनसे जुड़े उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। कंपनी के मुताबिक, इस परियोजना से प्रदेश में करीब 4,000 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। इससे जेवर और आसपास के क्षेत्रों में रोजगार के साथ-साथ छोटे-बड़े कारोबार को भी बढ़ावा मिल सकता है।
कृषि मशीनरी निर्माण को मिलेगा बढ़ावा
कुबोटा का यह प्लांट उत्तर प्रदेश में कृषि मशीनरी और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए भी अहम माना जा रहा है। ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों का उत्पादन बढ़ने से राज्य में इस क्षेत्र से जुड़े सप्लायर, कंपोनेंट निर्माता, परिवहन और लॉजिस्टिक्स कारोबार के लिए भी नए अवसर बन सकते हैं।
जापानी कंपनियों के लिए यूपी को ‘Second Industrial Home’ बनाने पर जोर
यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी कंपनियों से उत्तर प्रदेश को अपना ‘Second Industrial Home’ बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जापान के पास दशकों का औद्योगिक अनुभव, आधुनिक तकनीक और मैन्युफैक्चरिंग की विशेषज्ञता है, जबकि उत्तर प्रदेश के पास बड़ा बाजार, युवा आबादी, कुशल श्रमशक्ति और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जापान की Precision, Quality, Technology, Research और Manufacturing Excellence को उत्तर प्रदेश की Scale, Skill, Market और Infrastructure से जोड़ा जाए तो प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति मिल सकती है।
जेवर बन रहा निवेश का नया केंद्र
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विकास के साथ जेवर में औद्योगिक गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। बड़े निवेश और नई औद्योगिक परियोजनाओं से यह क्षेत्र आने वाले समय में उत्तर प्रदेश के प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभर सकता है। सरकार की ओर से नोएडा एयरपोर्ट के पास Japan City विकसित करने की भी योजना बताई गई है, जिससे जापानी कंपनियों के लिए निवेश का माहौल और मजबूत होने की उम्मीद है।
जेवर विधायक ने भी कुबोटा की परियोजना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे नए उद्योग, रोजगार और कारोबार के अवसर बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जेवर लगातार निवेश और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।
कुबोटा के साथ स्पार्क मिंडा की परियोजना भी
यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट में स्पार्क मिंडा की परियोजना का भी वर्चुअल भूमिपूजन हुआ। कंपनी की प्रस्तावित इकाइयों में मेकाट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स, वायरिंग हार्नेस, इग्निशन सिस्टम और कनेक्शन तकनीक से जुड़े उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इन परियोजनाओं से उत्तर प्रदेश के ऑटोमोटिव, इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।





