उत्तर प्रदेश के जेवर में Escorts Kubota के नए प्रोजेक्ट की शुरुआत के मौके पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि में आधुनिक तकनीक और फार्म मैकेनाइजेशन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रोजेक्ट से कृषि और मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे।
कृषि मंत्री ने कहा कि कंपनियों को किसान को केंद्र में रखकर ऐसी मशीनें और तकनीक तैयार करनी चाहिए, जो छोटे किसानों के लिए भी काम की हों और उन्हें आसानी से मिल सकें। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीक ऐसी होनी चाहिए, जिससे खेती की लागत और पानी की खपत कम हो, उत्पादकता बढ़े और फसल कटाई के बाद होने वाला नुकसान घटे।
शिवराज सिंह चौहान ने गांव के युवाओं को भी इस विकास से जोड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि कंपनियां युवाओं को ट्रेनिंग, रोजगार और अपना कारोबार शुरू करने के अवसर दें, ताकि गांव का युवा सिर्फ नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला भी बन सके।
उन्होंने जापान के साथ कृषि तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की जरूरत भी बताई। कृषि मंत्री ने कहा कि भारत में ऐसी तकनीक विकसित होनी चाहिए, जो छोटे किसानों के लिए सस्ती और आसानी से उपलब्ध हो। इससे किसानों की आय बढ़ाने और खेती को ज्यादा मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
Escorts Kubota
Escorts Kubota खेती और कृषि मशीनरी के क्षेत्र में काम करने वाली प्रमुख कंपनियों में शामिल है। कंपनी ने हाल ही में दो नए ट्रैक्टर Kubota MU4502 और MU5002 लॉन्च किए हैं। इनमें MU4502 45 HP और MU5002 50 HP का है। दोनों ट्रैक्टर 41-50 HP सेगमेंट में आते हैं और इनमें 8 साल की ट्रांसफरेबल वारंटी दी गई है, यानी ट्रैक्टर बिकने पर भी वारंटी नए मालिक के साथ जारी रहेगी।
जेवर में कंपनी का नया प्रोजेक्ट शुरू होने से कृषि मशीनरी के निर्माण को बढ़ावा मिलने के साथ नए रोजगार और गांव के युवाओं के लिए काम के अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है। कंपनी इस प्लांट के जरिए भारत में अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने और कृषि क्षेत्र के लिए आधुनिक मशीनें तैयार करने पर जोर दे रही है।





