देश के कई हिस्सों से Southwest Monsoon की विदाई शुरू हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों, गुजरात और मध्य प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों से भी मानसून की विदाई के लिए मौसम अनुकूल है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कुछ अन्य राज्यों से भी मानसून पीछे हट सकता है।
हालांकि मानसून की विदाई के बीच देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। अलग-अलग मौसम प्रणालियों के असर से उत्तर भारत से लेकर पूर्वी, मध्य और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
उत्तर भारत में इन राज्यों में बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश में 5 से 8 अक्टूबर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 6-7 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 6-8 अक्टूबर, जबकि पंजाब में 7-8 अक्टूबर को बारिश की संभावना है।
उत्तराखंड में 7 अक्टूबर को कई जगहों पर बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 6-7 अक्टूबर को बारिश के साथ गरज, बिजली और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 6-8 अक्टूबर और छत्तीसगढ़ में 5-8 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश में इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
बिहार समेत पूर्वी राज्यों में बारिश
बिहार, झारखंड और ओडिशा में 5 से 8 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है। बिहार में 6-8 अक्टूबर को गरज-चमक और तेज हवाओं की भी संभावना है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 3-8 अक्टूबर तक कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी 8 अक्टूबर तक बारिश का दौर बना रहेगा। अरुणाचल प्रदेश में 3-4 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी बारिश की संभावना है। केरल में 3-6 अक्टूबर के दौरान कई जगहों पर बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 4-5 अक्टूबर को भारी बारिश का अनुमान है।
केरल और माहे में 4-6 अक्टूबर और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 5-6 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु और केरल में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में भी अलग-अलग दिनों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।





