बिहार में किसानों की आमदनी बढ़ाने और बागवानी फसलों की व्यावसायिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार क्लस्टर में बागवानी योजना चला रही है। इसके तहत किसान अमरूद, नींबू, एप्पल बेर, आंवला, अनार, पपीता, कटहल और ड्रैगन फ्रूट जैसी फसलों की खेती पर अनुदान ले सकते हैं।
चयनित उद्यानिकी और सुगंधित फसलों की खेती के लिए अधिकतम 1 लाख रुपये प्रति एकड़, जबकि ड्रैगन फ्रूट की खेती के लिए 2 लाख रुपये प्रति एकड़ तक अनुदान दिया जाएगा। योजना में महिला किसानों की भागीदारी को भी महत्व दिया गया है। इसके तहत सभी श्रेणियों में कम से कम 30 फीसदी महिला किसानों के चयन में प्राथमिकता दी जाएगी। इच्छुक किसान 31 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
दो किस्तों में मिलेगा अनुदान
योजना के तहत किसानों को अनुदान की राशि एक साथ नहीं, बल्कि दो किस्तों में दी जाएगी। इसका अनुपात 65:35 रखा गया है। यानी पहली किस्त में 65 फीसदी और दूसरी किस्त में 35 फीसदी राशि दी जाएगी। पौधों की कम से कम 75 फीसदी उत्तरजीविता यानी उनका जीवित रहना भी जरूरी है। अनुदान की अधिकतम सीमा में पौध सामग्री भी शामिल है।
0.25 एकड़ से 10 एकड़ तक खेती पर मिलेगा लाभ
योजना का लाभ न्यूनतम 0.25 एकड़ और अधिकतम 10 एकड़ जमीन पर बागवानी करने वाले किसान ले सकते हैं। क्लस्टर का न्यूनतम रकबा भी 0.25 एकड़ रखा गया है। इसमें अमरूद, नींबू, एप्पल बेर, बेल, कटहल, आंवला, अनार और सुगंधित पौधों में तुलसी, लेमनग्रास, पामारोजा और जावा सिट्रोनेला को शामिल किया गया है। इन फसलों पर प्रति एकड़ अधिकतम 1 लाख रुपये तक अनुदान मिलेगा। वहीं, ड्रैगन फ्रूट की खेती के लिए प्रति एकड़ अधिकतम 2 लाख रुपये दिए जाएंगे।
बटाईदार किसानों को भी मिलेगा मौका
इस योजना में गैर-रैयत यानी बटाईदार किसानों को भी शामिल किया गया है। हालांकि, आधिकारिक आवेदन पोर्टल के मुताबिक पपीते के क्षेत्र विस्तार के लिए गैर-रैयत किसानों को लाभ दिया जाएगा। इसके लिए उन्हें जमीन से संबंधित एकरारनामा जमा करना होगा। आवेदन में भूमि-स्वामित्व प्रमाण पत्र, राजस्व रसीद या जरूरी स्थिति में वंशावली जैसे दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे। दस्तावेजों में गलती पाए जाने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है।
वर्गवार चयन का भी प्रावधान
योजना में लाभुकों का चयन वर्गवार तय अनुपात के आधार पर किया जाएगा। आधिकारिक पोर्टल पर सामान्य वर्ग के लिए 78.537 फीसदी, अनुसूचित जाति के लिए 20 फीसदी और अनुसूचित जनजाति के लिए 1.463 फीसदी अनुपात दिया गया है। इसके साथ ही सभी वर्गों में कम से कम 30 फीसदी महिला किसानों के चयन में प्राथमिकता देने का प्रावधान है।
डीबीटी पोर्टल से करना होगा आवेदन
इच्छुक किसान 31 दिसंबर 2026 तक कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले यह देख लें कि उनका बैंक खाता डीबीटी से जुड़ा है और खाते की जानकारी सही है। योजना का पैसा सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजा जाएगा।
ये भी देखें-





