लखनऊ, 27 नवंबर 2026: खेती में मशीनों का इस्तेमाल बढ़ाने और किसानों की लागत कम करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार कृषि यंत्रों पर अनुदान दे रही है। इसके लिए कृषि विभाग ने अलग-अलग सरकारी योजनाओं के तहत ट्रैक्टर से जुड़े उपकरण, कस्टम हायरिंग सेंटर, फार्म मशीनरी बैंक, ड्रोन और फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़े कृषि यंत्रों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है। आवेदन शुरू हो चुका है। आवेदन की आखिरी तारीख 5 दिसंबर 2026 की रात 12 बजे है। इसके लिए किसानों को कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
इन कृषि यंत्रों पर मिलेगा अनुदान
कृषि विभाग के मुताबिक, सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन (SMAM) के तहत कस्टम हायरिंग सेंटर और फार्म मशीनरी बैंक स्थापित करने के लिए आवेदन किया जा सकता है। इसके तहत दोनों की परियोजना लागत 10-10 लाख रुपये बताई गई है। किसान ड्रोन और दूसरे व्यक्तिगत कृषि यंत्रों के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत किसानों को पराली और फसल के बाकी हिस्सों के बेहतर प्रबंधन में काम आने वाले कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जाएगा। इसमें व्यक्तिगत कृषि यंत्रों के साथ 30 लाख रुपये की परियोजना लागत वाले कस्टम हायरिंग सेंटर और हैप्पी सीडर शामिल हैं।
साथ ही त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, विभिन्न पारिस्थितिकीय संसाधनों के जरिए कीट-रोग नियंत्रण योजना और फसल विविधीकरण कार्यक्रम (CDP) के तहत भी कृषि यंत्रों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक एग्रीगेटर परियोजना के लिए 100 लाख रुपये की लागत और गन्ना हार्वेस्टर सेल्फ प्रोपेल्ड की बुकिंग भी होगी।
कहां और कैसे करें आवेदन?
कृषि यंत्रों की बुकिंग और आवेदन के लिए किसानों को उत्तर प्रदेश कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। यहां किसान जनपदवार उपलब्ध यंत्रों की जानकारी देख सकते हैं और ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कृषि यंत्रों की बुकिंग, अनुदान और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए किसान अपने जिले के उप कृषि निदेशक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
जरूरी तारीखें:
- ऑनलाइन बुकिंग शुरू: 26 नवंबर 2026, सुबह 11 बजे
- आवेदन की आखिरी तारीख: 5 दिसंबर 2026, रात 12 बजे
- आवेदन पोर्टल: https://agridarshan.up.gov.in/





