देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना हुआ है। झारखंड और आसपास बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से आज यानी 20 अगस्त को कई राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
पूर्वी और मध्य भारत में बारिश का जोर
पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 अगस्त को भी कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़ में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
बिहार और झारखंड में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ओडिशा में 21 से 25 अगस्त के बीच कई जगहों पर बारिश हो सकती है।
यूपी के इन हिस्सों में बारिश
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी यूपी में आज कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 से 22 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा उत्तराखंड में 20 से 25 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
पहाड़ी राज्यों में भी अलर्ट
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख क्षेत्र में भी बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में 20 से 25 अगस्त के दौरान कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली का भी खतरा रहेगा।
बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर में भी बारिश
पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम-मेघालय और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भी बारिश जारी रहने की संभावना है। असम-मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 20 अगस्त समेत अगले कुछ दिनों तक कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
दक्षिण और पश्चिम भारत में भी बारिश
कोंकण और गोवा में 20 से 25 अगस्त तक कई जगहों पर बारिश का अनुमान है। तटीय कर्नाटक में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में आज भारी बारिश हो सकती है। कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की भी चेतावनी है।





