भारत का मशहूर बिहार का मखाना (फॉक्स नट) अब विदेशों में भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, बिहार से 7 टन मखाना पहली बार समुद्री रास्ते (सी रूट) से कनाडा भेजा गया है। यह खेप मुंद्रा बंदरगाह से कनाडा की कंपनी ZKV Foods के लिए रवाना की गई।
मंत्रालय का कहना है कि इस निर्यात से बिहार के मखाने को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिलेगी और राज्य के कृषि उत्पादों के निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा। इस खेप में 7 मीट्रिक टन मखाना दो कंटेनरों में भरकर भेजा गया।
बिहार देश में मखाना उत्पादन का सबसे बड़ा केंद्र है। यहां बड़े पैमाने पर मखाने की खेती होती है और इसकी मांग देश के साथ-साथ विदेशों में भी लगातार बढ़ रही है।
वहीं, दूसरी ओर कर्नाटक के नीलम और टोटापुरी आम भी पहली बार हवाई मार्ग (एयर कार्गो) से मालदीव भेजे गए हैं। यह पहली बार है जब इन दोनों किस्मों के आमों का निर्यात सीधे हवाई मार्ग से मालदीव किया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि कृषि उत्पादों के बढ़ते निर्यात से किसानों को बेहतर बाजार और अच्छे दाम मिलने की संभावना बढ़ेगी। साथ ही, भारत के पारंपरिक कृषि उत्पादों की वैश्विक पहचान भी मजबूत होगी।





