भारतीय रसोई में हल्दी और अदरक का इस्तेमाल लगभग हर दिन होता है। सब्जी हो, दाल हो या मसालेदार पकवान, इन दोनों की जरूरत बनी रहती है। यही वजह है कि बाजार में इनकी मांग भी रहती है। ऐसे में किसान पारंपरिक फसलों के साथ हल्दी और अदरक की खेती करके अपनी कमाई के नए रास्ते तलाश सकते हैं। बिहार के किसानों को इन फसलों की खेती के लिए सरकार की ओर से आर्थिक मदद भी दी जा रही है।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत बिहार में हल्दी और अदरक की खेती को बढ़ावा देने के लिए 40 फीसदी तक सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है। योजना के तहत हल्दी और अदरक की खेती करने वाले किसानों को अधिकतम 40 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर तक अनुदान मिल सकता है। इसके अलावा टमाटर, मिर्च और गोभी की खेती के लिए अधिकतम 24 हजार रुपये और प्याज की खेती के लिए 20 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर तक सब्सिडी दी जाएगी।
0.1 से 2 हेक्टेयर तक खेती पर मिलेगा अनुदान
योजना के तहत किसान 0.1 से 2 हेक्टेयर तक के क्षेत्र में खेती के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसका उद्देश्य किसानों को इन फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी आमदनी बढ़ाने में मदद करना है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह पहल रबी महाअभियान का हिस्सा है, जिसके तहत 48 लाख हेक्टेयर क्षेत्र का लक्ष्य रखा गया है।
कैसे करें आवेदन ?
इस योजना का लाभ लेने के लिए किसान बिहार कृषि विभाग की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक खाते की पासबुक, जमीन के कागजात और फोटो जैसे दस्तावेज जरूरी हैं।
सरकार का मानना है कि हल्दी, अदरक और दूसरी सब्जियों की खेती को बढ़ावा देने से किसानों को अतिरिक्त आमदनी के अवसर मिलेंगे। साथ ही खेती से जुड़े कामों में रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।
ये भी देखें-





