बिहार में गन्ने की खेती करने वाले किसानों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार ने मुफ्त गन्ना बीज वितरण योजना में आवेदन करने की आखिरी तारीख बढ़ा दी है। अब किसान 25 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस योजना के तहत किसानों को अच्छी गुणवत्ता वाला उन्नत और रोगमुक्त गन्ने का बीज मुफ्त दिया जाएगा। खास बात यह है कि बीज को खेत तक पहुंचाने का खर्च भी सरकार उठाएगी।
बिहार गन्ना उद्योग विभाग का मकसद इस योजना के जरिए उन गांवों में भी गन्ने की खेती को बढ़ावा देना है, जहां अभी इसकी खेती नहीं होती या बहुत कम होती है। इसके लिए किसान विभाग के Cane Care पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
बिहार में 2.37 लाख हेक्टेयर में होती है गन्ने की खेती
बिहार में गन्ना राज्य की प्रमुख नकदी फसलों में शामिल है। बिहार सरकार के गन्ना उद्योग विभाग के मुताबिक, साल 2023-24 में राज्य में करीब 2.37 लाख हेक्टेयर में गन्ने की खेती हुई थी। वहीं, 2024-25 के लिए इसका रकबा 2.50 लाख हेक्टेयर रहने का अनुमान लगाया गया था।
राज्य में सबसे ज्यादा गन्ने की खेती पश्चिमी चंपारण में होती है। इसके अलावा पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, समस्तीपुर और बेगूसराय भी प्रमुख गन्ना उत्पादक जिले हैं।
सरकार अब राज्य में गन्ने की खेती का रकबा और उत्पादन बढ़ाना चाहती है। इसके लिए 2026-27 के सीजन में 2,55,081 हेक्टेयर यानी करीब 2.55 लाख हेक्टेयर में गन्ने की खेती का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही 1.74 करोड़ टन गन्ना उत्पादन का लक्ष्य भी तय किया गया है। नए इलाकों में गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को मुफ्त बीज उपलब्ध कराने की योजना चलाई जा रही है।
किन किसानों को मिलेगा योजना का लाभ?
यह योजना चीनी मिल वाले और बिना चीनी मिल वाले, दोनों तरह के क्षेत्रों के किसानों के लिए है।
चीनी मिल वाले क्षेत्रों में उन गांवों के किसान आवेदन कर सकते हैं, जहां अभी गन्ने की खेती नहीं होती है और कुल गन्ना रकबा 5 एकड़ या उससे कम है। ऐसे गांवों को Cane Care पोर्टल पर गन्ना रहित गांव के रूप में चिह्नित किया गया है। इन गांवों के बटाईदार और अपनी जमीन पर खेती करने वाले, दोनों तरह के किसान योजना का लाभ ले सकते हैं।
वहीं, जिन इलाकों में फिलहाल कोई चीनी मिल चालू नहीं है, वहां सभी बटाईदार और गैर-बटाईदार किसान आवेदन कर सकते हैं।
0.25 से 2.5 एकड़ तक के लिए मिलेगा मुफ्त बीज
योजना के तहत किसानों को कम से कम 0.25 एकड़ और अधिकतम 2.5 एकड़ जमीन में गन्ने की खेती करने के लिए मुफ्त बीज दिया जाएगा। बीज की ढुलाई के साथ लोडिंग और अनलोडिंग का खर्च भी सरकार उठाएगी। इससे किसानों को बीज खरीदने और उसे खेत तक लाने पर पैसे खर्च नहीं करने पड़ेंगे।
25 नवंबर तक कैसे करें आवेदन?
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए बिहार गन्ना उद्योग विभाग के Cane Care पोर्टल पर जाकर आवेदन किया जा सकता है। विभाग ने पात्र किसानों से 25 नवंबर तक आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।





