मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके असर से देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
ओडिशा में भारी बारिश
कम दबाव के असर से ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और झारखंड में अगले दो दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा में 17 अगस्त को कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश की भी आशंका है। वहीं, गंगीय पश्चिम बंगाल में 17 अगस्त को कुछ इलाकों में बेहद भारी बारिश हो सकती है।
यूपी में भी बारिश
मॉनसून ट्रफ का पश्चिमी सिरा अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर बना हुआ है। इसके चलते उत्तर प्रदेश में अगले 3-4 दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। किसानों को खेतों में पानी भरने और फसलों को नुकसान से बचाने के लिए जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
पहाड़ी राज्यों में अलर्ट
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भी सप्ताह के ज्यादातर दिनों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन और अचानक नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ने जैसी स्थिति बन सकती है।
पूर्वोत्तर में भी बारिश
पूर्वोत्तर भारत में अगले 2-3 दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं, असम और मेघालय में पूरे सप्ताह बारिश का दौर जारी रह सकता है।





