नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने किसानों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने की दिशा में बड़ी प्रगति का दावा किया है। सरकार के मुताबिक, AgriStack के तहत 11 करोड़ Farmer ID बनाने के लक्ष्य में अब तक 10.28 करोड़ Farmer ID तैयार की जा चुकी हैं। इन आईडी को PM-KISAN, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), MSP पर फसल खरीद और अन्य सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जा रहा है, ताकि किसानों को योजनाओं का लाभ आसानी और तेजी से मिल सके।
यह जानकारी कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने लोकसभा में एक लिखित जवाब में दी।
सरकार के अनुसार, AgriStack किसानों के लिए तैयार किया गया एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसमें किसान की जमीन, फसल, पशुधन, मत्स्य पालन और अन्य जरूरी जानकारियां एक ही जगह उपलब्ध रहती हैं। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ सही किसान तक पारदर्शी और तेज़ तरीके से पहुंचाने में मदद मिलेगी। खासतौर पर छोटे और सीमांत किसानों को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है।
सरकार ने बताया कि AgriStack के तहत तीन प्रमुख डिजिटल रजिस्टर तैयार किए जा रहे हैं। इनमें Farmer Registry, Geo-Referenced Village Maps और Crop Sown Registry शामिल हैं। इनका निर्माण और रखरखाव राज्य सरकारें और केंद्र शासित प्रदेश कर रहे हैं।
लोकसभा में दी गई जानकारी के मुताबिक, 30 जुलाई 2026 तक 11 करोड़ Farmer ID के लक्ष्य के मुकाबले 10.28 करोड़ Farmer ID बनाई जा चुकी हैं। इनमें सबसे अधिक 2.46 करोड़ Farmer ID उत्तर प्रदेश में तैयार की गई हैं।
सरकार का कहना है कि Farmer ID किसानों के डिजिटाइज्ड भूमि रिकॉर्ड से जोड़कर बनाई जा रही है। इससे भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ देने, फसल खरीद, ऋण वितरण और अन्य कृषि सेवाओं को अधिक आसान और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
ये भी देखें -





