खेती में खाद का इस्तेमाल फसल की जरूरत के हिसाब से करना चाहिए। बिना जरूरत ज्यादा खाद डालने से मिट्टी की उपजाऊ शक्ति पर असर पड़ सकता है और खेती की लागत भी बढ़ सकती है। इसी को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से अपील की है कि वे दूसरों को देखकर खाद न डालें, बल्कि मिट्टी की जांच के बाद ही इसका इस्तेमाल करें।
22 अक्टूबर को हरियाणा के करनाल जिले के तरावड़ी में ‘खेत बचाओ अभियान’ की शुरुआत के दौरान आयोजित किसान चौपाल में शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि किसानों को सबसे पहले स्वाइल हेल्थ कार्ड के जरिए अपने खेत की मिट्टी की जांच करानी चाहिए। इसके बाद मिट्टी में पोषक तत्वों की जरूरत के हिसाब से ही खाद डालनी चाहिए।
देखा-देखी में न डालें ज्यादा खाद
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कई बार किसान दूसरे किसानों को ज्यादा खाद डालते देखकर अपने खेत में भी खाद की मात्रा बढ़ा देते हैं। ऐसा करने से बचना चाहिए। उन्होंने समझाया कि जिस तरह बिना जरूरत दवा लेने से शरीर को नुकसान हो सकता है, उसी तरह जरूरत से ज्यादा खाद डालने से मिट्टी की सेहत खराब हो सकती है।
उन्होंने कहा कि खाद का संतुलित इस्तेमाल करने से खेती की लागत कम करने और मिट्टी की उपजाऊ शक्ति बनाए रखने में मदद मिल सकती है। इससे आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जमीन की सेहत सुरक्षित रखी जा सकेगी।
एक एकड़ से शुरू करें प्राकृतिक खेती
किसान चौपाल में शिवराज सिंह चौहान ने प्राकृतिक खेती को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती सही तरीके और वैज्ञानिक विधि से की जाए, तो इससे अच्छा फायदा मिल सकता है। इसके लिए जीवामृत, घनजीवामृत और बीजामृत का सही मात्रा और समय पर इस्तेमाल करना जरूरी है।
उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे पहले एक एकड़ में प्राकृतिक खेती शुरू करें। इसके तरीके समझने और नतीजे देखने के बाद धीरे-धीरे इसे दूसरी जमीन पर भी अपना सकते हैं।
पराली प्रबंधन के लिए किसानों की तारीफ
इस दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री ने हरियाणा के किसानों की पराली प्रबंधन के लिए तारीफ की। उन्होंने कहा कि किसानों ने पराली जलाने से बचने और सुपर सीडर जैसी मशीनों को अपनाने की दिशा में अच्छा काम किया है। इससे पर्यावरण को बचाने में मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम में हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, कृषि वैज्ञानिक और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। शिवराज सिंह चौहान ने भरोसा दिलाया कि किसानों की समस्याओं और सुझावों पर सरकार जरूरी कदम उठाएगी।





