““हां जी, मैं शशिकांत रघुवंशी बोल रहा हूं। मैं फिलहाल भोपाल में गन्ना किसान आंदोलन में शामिल होने आया हूं।”
नरसिंहपुर जिले की गाडरवारा तहसील के किसान शशिकांत रघुवंशी ने फोन उठाते ही अपना परिचय दिया। आगे बातचीत में उन्होंने बताया कि वह करीब 20 एकड़ में गन्ने की खेती करते हैं। गन्ने का उचित दाम दिलाने की मांग को लेकर भोपाल में चल रहे आंदोलन में वह भी शामिल हैं। शशिकांत अपनी गन्ने की पूरी फसल जिले की शक्ति शुगर मिल और कुछ हिस्सा करेली शुगर मिल में बेचते हैं।
शशिकांत की तरह नरसिंहपुर के हजारों गन्ना किसान इन दिनों अपनी उपज का उचित दाम पाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं। किसानों की मांग है कि गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। उनका कहना है कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, मजदूरी महंगी हो गई है और खाद, बीज, डीजल समेत दूसरी कृषि सामग्री पर खर्च भी बढ़ा है। इसके बावजूद किसानों को गन्ने का पुराना भाव ही मिल रहा है।
400-450 रुपये मिल रहा भाव, 600 रुपये की मांग
“आखिर किसान 600 रुपये प्रति क्विंटल की मांग क्यों कर रहे हैं? इस पर शशिकांत बताते हैं कि फिलहाल चीनी मिलें किसानों को करीब 400 से 450 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से गन्ने का भाव दे रही हैं। किसानों की मांग है कि इसे बढ़ाकर 600 रुपये किया जाए।
NewsPotli से फोन पर बातचीत में शशिकांत ने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। मजदूरी महंगी हो गई है और महंगाई का असर भी खेती पर पड़ रहा है। ऐसे में मौजूदा भाव पर गन्ने की खेती करना किसानों के लिए मुश्किल होता जा रहा है।
“वह कहते हैं, "पिछले साल चीनी करीब 40 रुपये किलो बिक रही थी, तब भी गन्ने का भाव इतना ही था। अब चीनी के दाम बढ़कर करीब 60 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं, लेकिन किसानों को गन्ने का पुराना भाव ही मिल रहा है। जब चीनी के दाम बढ़ रहे हैं तो किसानों को उनकी फसल का दाम क्यों नहीं बढ़ाकर दिया जा रहा?"
किसानों का कहना है कि चीनी के अलावा मिलों को एथेनॉल, शीरे और बिजली जैसे दूसरे उत्पादों से भी आमदनी होती है। ऐसे में इनसे होने वाली कमाई को ध्यान में रखते हुए गन्ने का मूल्य तय किया जाना चाहिए।
नरसिंहपुर में गन्ने की खेती पर निर्भर हजारों किसान
मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में गन्ने की खेती किसानों की आजीविका का बड़ा आधार है। कृषि विभाग के वर्ष 2024-25 के आंकड़ों के मुताबिक, जिले में करीब 53,401 हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती हुई और कुल उत्पादन लगभग 33.81 लाख टन रहा।
लोकसभा में कृषि मंत्रालय की ओर से दिए गए आंकड़ों के अनुसार, इसी अवधि में मध्य प्रदेश का कुल गन्ना उत्पादन करीब 74.10 लाख टन था। इस तरह राज्य के कुल गन्ना उत्पादन में अकेले नरसिंहपुर की हिस्सेदारी करीब 45.6 फीसदी रही। यानी मध्य प्रदेश में पैदा होने वाले हर 100 टन गन्ने में लगभग 46 टन गन्ना नरसिंहपुर जिले से आता है।
जिले में गन्ने की खेती का दायरा इतना बड़ा है कि यहां किसानों की आजीविका के साथ चीनी उद्योग और उससे जुड़े कारोबार भी इसी फसल पर निर्भर हैं। स्थानीय स्तर पर करीब 8 चीनी मिलों का नेटवर्क बताया जाता है। इनमें महेश्वरी चीनी मिल, शक्ति शुगर मिल, करेली शुगर मिल, नर्मदा शुगर, महाकौशल शुगर और आकृति शुगर समेत दूसरी मिलें शामिल हैं।
यानी गन्ने की खेती और चीनी मिलों के बीच जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था का एक बड़ा हिस्सा जुड़ा हुआ है। ऐसे में गन्ने के दाम को लेकर किसानों और मिल संचालकों के बीच बढ़ता विवाद हजारों किसानों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
एक एकड़ में 60-70 हजार रुपये तक खेती की लागत
गन्ने का भाव बढ़ाने की मांग के पीछे किसानों की सबसे बड़ी दलील खेती की बढ़ती लागत है। किसानों के मुताबिक, एक एकड़ में गन्ने की फसल तैयार करने पर करीब 60 से 70 हजार रुपये तक खर्च आता है। इसमें खेत की तैयारी, बीज, खाद, कीटनाशक, सिंचाई, बिजली, डीजल, मजदूरी और कटाई-ढुलाई का खर्च शामिल है।
गन्ने की फसल तैयार होने में करीब एक साल का समय लगता है। इस दौरान किसान को लगातार खेती पर पैसा लगाना पड़ता है। वहीं, फसल बेचने और भुगतान के लिए भी उसे चीनी मिलों पर निर्भर रहना पड़ता है। किसानों का कहना है कि बढ़ती लागत के मुकाबले मौजूदा भाव पर उन्हें पर्याप्त मुनाफा नहीं मिल पा रहा है।
चीनी मिलें भाव बढ़ाने को तैयार नहीं
“किसानों की 600 रुपये प्रति क्विंटल की मांग पर चीनी मिल संचालकों का रुख फिलहाल अलग है। इस बारे में शशिकांत रघुवंशी बताते हैं कि मिल संचालकों का कहना है कि भले ही अभी चीनी के दाम करीब 60 रुपये प्रति किलो हैं, लेकिन आगे इनकी कीमतों में गिरावट भी आ सकती है। ऐसे में मिलें फिलहाल गन्ने का भाव बढ़ाने की स्थिति में नहीं हैं।
यही वजह है कि किसानों और चीनी मिल संचालकों के बीच सहमति नहीं बन पा रही है। किसानों का कहना है कि चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी का फायदा केवल मिलों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका उचित हिस्सा गन्ना उत्पादकों को भी मिलना चाहिए।
600 रुपये के भाव की मांग को लेकर भोपाल पहुंचे किसान
गन्ने का दाम बढ़ाने की मांग को लेकर नरसिंहपुर के किसान संगठन पिछले करीब एक महीने से आंदोलन कर रहे हैं। किसानों ने इस दौरान प्रदर्शन और ज्ञापन के जरिए अपनी मांग प्रशासन और चीनी मिल संचालकों तक पहुंचाने की कोशिश की है।
19 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रशासन की मध्यस्थता में किसान प्रतिनिधियों और चीनी मिल संचालकों के बीच बैठक हुई। करीब दो घंटे चली इस बैठक में किसानों ने गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग रखी, जबकि मिल संचालक 450 रुपये प्रति क्विंटल से ज्यादा देने को तैयार नहीं हुए। बैठक में कोई सहमति नहीं बन सकी।
इसके बाद 21 नवंबर को संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसानों ने नरसिंहपुर में बाजार बंद कराया।
नरसिंहपुर में प्रदर्शन और बाजार बंद के बाद अब किसानों ने अपनी मांग को राजधानी भोपाल तक पहुंचाया है। 23 नवंबर को किसान संगठनों ने भोपाल में प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसी आंदोलन में शामिल होने के लिए शशिकांत रघुवंशी भी भोपाल पहुंचे हैं।
किसानों का कहना है कि गन्ने की खेती में बढ़ती लागत और चीनी समेत दूसरे उत्पादों की बढ़ती कीमतों को देखते हुए 600 रुपये प्रति क्विंटल का भाव मिलना चाहिए। उनका मानना है कि जब तक सरकार और चीनी मिल संचालक किसानों की मांग पर कोई ठोस फैसला नहीं लेते, तब तक उनकी आर्थिक मुश्किलें बनी रहेंगी।
गन्ने के दाम को लेकर दूसरे राज्यों में भी आंदोलन
गन्ने के उचित दाम की मांग को लेकर आंदोलन सिर्फ मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं है। देश के कई गन्ना उत्पादक राज्यों में किसान अपनी उपज का भाव बढ़ाने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। हरियाणा में किसान 600 रुपये प्रति क्विंटल की मांग कर रहे हैं। यहां यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल समेत कई जिलों में चीनी मिलों के बाहर धरने चल रहे हैं। वहीं, सरकार ने 2026-27 के लिए गन्ने का भाव 430 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है।
पंजाब में भी गन्ना किसान कीमत बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। यहां गन्ने का भाव 416 रुपये से बढ़ाकर 550 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई गई है। किसानों का कहना है कि खेती की लागत बढ़ने के साथ पुराने बकाया भुगतान का मुद्दा भी हल होना चाहिए।
वहीं, कर्नाटक में बेलगावी समेत कई इलाकों में गन्ने के दाम बढ़ाने को लेकर किसानों ने प्रदर्शन किए। यहां किसान 5,500 रुपये प्रति टन भाव की मांग कर रहे हैं। महाराष्ट्र के सोलापुर में भी गन्ना किसानों ने बेहतर दाम के लिए 16 नवंबर को मार्च निकालने का ऐलान किया था। कोल्हापुर में चीनी मिलों के साथ बेहतर भाव पर सहमति बनने के बाद किसानों ने अपना हाईवे आंदोलन वापस ले लिया।
फिलहाल नरसिंहपुर में चीनी मिलें किसानों को करीब 400 से 450 रुपये प्रति क्विंटल गन्ने का भाव दे रही हैं, जबकि किसान इसे बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे हैं। ऐसे में सवाल है कि क्या भोपाल में किसानों के प्रदर्शन के बाद मध्य प्रदेश सरकार और चीनी मिल संचालक उनकी मांग पर कोई फैसला लेंगे? क्या किसानों को गन्ने का 600 रुपये प्रति क्विंटल भाव मिल पाएगा?





