News Potli

गन्ने का भाव 600 रुपये और बोनस की मांग कर रहे किसानों को पुलिस ने किया डिटेन

नरसिंहपुर जिले के किसान फिलहाल चीनी मिलों से करीब 400 से 450 रुपये प्रति क्विंटल गन्ने का भाव पा रहे हैं। उनकी मांग है कि इसे बढ़ाकर 600 रुपये किया जाए और इसके अलावा 100 रुपये प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जाए।

Pooja Rai

Pooja Rai·25 Nov 2026

गन्ने का भाव 600 रुपये और बोनस की मांग कर रहे किसानों को पुलिस ने किया डिटेन

मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गन्ना किसानों के आंदोलन से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल और 100 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने की मांग को लेकर भोपाल में प्रदर्शन कर रहे राष्ट्रवादी किसान आर्मी संगठन के प्रदेश संयोजक प्रतीक शर्मा सहित सभी आंदोलनकारी किसानों को पुलिस ने डिटेन कर लिया। किसान बरकतुल्ला विश्वविद्यालय के सामने नर्मदापुरम रोड पर धरना दे रहे थे। संगठन ने कहा है कि किसानों को उचित मूल्य और बोनस मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

मुख्यमंत्री से बातचीत की थी तैयारी

आंदोलन के दूसरे दिन संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव निशांत बरबड़े से मुलाकात की थी। इसके साथ ही 25 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी बातचीत प्रस्तावित थी। किसान अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए भोपाल पहुंचे थे।

क्यों 600 रुपये प्रति क्विंटल भाव मांग रहे किसान?

दरअसल, नरसिंहपुर जिले के किसान फिलहाल चीनी मिलों से करीब 400 से 450 रुपये प्रति क्विंटल गन्ने का भाव पा रहे हैं। उनकी मांग है कि इसे बढ़ाकर 600 रुपये किया जाए और इसके अलावा 100 रुपये प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जाए। किसानों का कहना है कि खाद, बीज, डीजल और मजदूरी का खर्च लगातार बढ़ रहा है। एक एकड़ में गन्ने की फसल तैयार करने पर करीब 60 से 70 हजार रुपये तक लागत आती है। ऐसे में मौजूदा भाव पर खेती करना मुश्किल हो रहा है।

नरसिंहपुर में हजारों किसानों की आजीविका गन्ने पर निर्भर

नरसिंहपुर मध्य प्रदेश का प्रमुख गन्ना उत्पादक जिला है। यहां हजारों किसान गन्ने की खेती करते हैं और अपनी उपज चीनी मिलों को बेचते हैं। जिले में वर्ष 2024-25 के दौरान करीब 53,401 हेक्टेयर में गन्ने की खेती हुई थी और उत्पादन लगभग 33.81 लाख टन रहा। ऐसे में गन्ने के भाव का मुद्दा जिले के हजारों किसानों की आजीविका से जुड़ा है। किसान चाहते हैं कि सरकार उनकी मांगों पर फैसला ले और उन्हें फसल का उचित दाम मिले।

Narsinghpur Sugarcane FarmersSugarcane BonusSugarcane Farmers Protest Bhopal Farmer ProtestSugarcane Price Demand
Pooja Rai

About the Author

Pooja Rai

सभी लेख देखें