भारत में खाद्यान्न उत्पादन लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। कृषि मंत्रालय के अंतिम अनुमान के मुताबिक, फसल वर्ष 2025-26 में देश का कुल खाद्यान्न उत्पादन बढ़कर 378.54 मिलियन टन पहुंच गया। यह पिछले साल के मुकाबले 20.81 मिलियन टन ज्यादा है। चावल, गेहूं, मक्का और दालों के उत्पादन में बढ़ोतरी से यह नया रिकॉर्ड बना है। वहीं, मौसम की चुनौतियों के बावजूद खरीफ सीजन 2026-27 में भी खाद्यान्न उत्पादन बढ़ने का अनुमान है। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को नई दिल्ली में फसल उत्पादन के ये आंकड़े जारी किए।
चावल और गेहूं के उत्पादन में भी बढ़ोतरी
कृषि मंत्रालय के अंतिम अनुमान के मुताबिक, 2025-26 में चावल का उत्पादन बढ़कर रिकॉर्ड 155.15 मिलियन टन हो गया, जबकि 2024-25 में यह 150.18 मिलियन टन था। यानी चावल उत्पादन में 4.97 मिलियन टन की बढ़ोतरी हुई।
गेहूं का उत्पादन 41.2 लाख टन बढ़कर 122.06 मिलियन टन पहुंच गया। पिछले साल इसका उत्पादन 117.95 मिलियन टन था।
मक्का के उत्पादन में भी अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसका उत्पादन 43.41 मिलियन टन से बढ़कर 55.03 मिलियन टन हो गया। वहीं, कुल दलहन उत्पादन 1.56 मिलियन टन बढ़कर 27.24 मिलियन टन पहुंच गया।
मूंग का उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा
दलहनों में मूंग का उत्पादन रिकॉर्ड 4.40 मिलियन टन रहा। चने का उत्पादन 12.51 मिलियन टन और अरहर का उत्पादन 3.60 मिलियन टन अनुमानित है।
मोटे अनाज और पोषक अनाज का कुल उत्पादन 74.08 मिलियन टन रहा। इसमें श्री अन्न यानी मिलेट्स का उत्पादन 17.21 मिलियन टन दर्ज किया गया।
तिलहन उत्पादन भी रिकॉर्ड स्तर पर
देश में तिलहन उत्पादन भी बढ़कर रिकॉर्ड 43.26 मिलियन टन पहुंच गया, जबकि 2024-25 में यह 42.99 मिलियन टन था। मूंगफली का उत्पादन 1.23 मिलियन टन बढ़कर 13.17 मिलियन टन हो गया। वहीं, रेपसीड और सरसों का उत्पादन 1.10 मिलियन टन बढ़कर 13.77 मिलियन टन पहुंच गया। सोयाबीन का उत्पादन 12.64 मिलियन टन अनुमानित है।
व्यावसायिक फसलों में गन्ने का उत्पादन 503.73 मिलियन टन और कपास का उत्पादन 170 किलो की 28.01 मिलियन गांठ अनुमानित है। जूट और मेस्टा का उत्पादन 180 किलो की 0.9428 मिलियन गांठ रहा।
मौसम की चुनौतियों के बावजूद खरीफ उत्पादन बढ़ने का अनुमान
कृषि मंत्रालय के पहले अग्रिम अनुमान के मुताबिक, फसल वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन में खाद्यान्न उत्पादन 167.14 मिलियन टन रहने का अनुमान है। यह पिछले पांच साल के औसत उत्पादन से 9.77 मिलियन टन ज्यादा है।
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि इस बार अल नीनो की वापसी, मानसून में देरी और कई राज्यों में कम बारिश जैसी चुनौतियां रहीं। जून में मानसून की शुरुआत देर से हुई और बारिश सामान्य से 35-40 फीसदी कम रही। महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में मिट्टी में नमी की कमी और सूखे जैसे हालात बने। इससे धान, मक्का, अरहर, सोयाबीन और कपास जैसी फसलों की बुवाई प्रभावित हुई।
हालांकि, किसानों की मेहनत, सरकारी योजनाओं और कृषि वैज्ञानिकों की ओर से विकसित जलवायु के अनुकूल किस्मों की मदद से उत्पादन को बनाए रखने में मदद मिली।
खरीफ में धान और मोटे अनाज का कितना होगा उत्पादन?
पहले अग्रिम अनुमान के मुताबिक, खरीफ सीजन में धान का उत्पादन 121.91 मिलियन टन रहने का अनुमान है। मोटे और पोषक अनाज का उत्पादन 38.11 मिलियन टन रह सकता है।
मोटे अनाज में मक्का का उत्पादन 26.06 मिलियन टन, बाजरा 8.94 मिलियन टन, ज्वार 1.48 मिलियन टन, रागी 1.25 मिलियन टन और छोटे मिलेट्स का उत्पादन 0.37 मिलियन टन रहने का अनुमान है।
खरीफ सीजन में कुल दलहन उत्पादन 7.13 मिलियन टन रहने का अनुमान है। इसमें अरहर का उत्पादन 3.12 मिलियन टन, मूंग 1.66 मिलियन टन और उड़द 1.45 मिलियन टन हो सकता है।
वहीं, खरीफ तिलहन का उत्पादन 23.95 मिलियन टन रहने का अनुमान है। इसमें मूंगफली का उत्पादन 11.17 मिलियन टन और सोयाबीन का 10.24 मिलियन टन रह सकता है।
व्यावसायिक फसलों में खरीफ गन्ने का उत्पादन 454.34 मिलियन टन, कपास का 170 किलो की 24.866 मिलियन गांठ और जूट व मेस्टा का 180 किलो की 0.9706 मिलियन गांठ रहने का अनुमान है।
दालों और खाद्य तेलों का उत्पादन बढ़ाने पर सरकार का जोर
कृषि मंत्री ने कहा कि देश में चावल और गेहूं का पर्याप्त उत्पादन होने के बाद अब सरकार का जोर फसल विविधीकरण और दालों व खाद्य तेलों के मामले में आत्मनिर्भरता हासिल करने पर है। इनकी मांग लगातार बढ़ रही है और जरूरत का एक बड़ा हिस्सा आयात से पूरा करना पड़ता है।
इसके लिए सरकार राष्ट्रीय दलहन मिशन और राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन चला रही है। इन योजनाओं का मकसद दालों और तिलहनों की खेती का रकबा बढ़ाना और प्रति हेक्टेयर उत्पादन में सुधार करना है।
चौहान के मुताबिक, भारत चावल, दालों, जूट, मिलेट्स और मसालों का दुनिया का सबसे बड़ा उत्पादक बन गया है। वहीं, गेहूं, कपास, मूंगफली, फल और सब्जियों के उत्पादन में चीन के बाद दूसरे स्थान पर है। गन्ने के उत्पादन में ब्राजील के बाद भारत दूसरे स्थान पर है। उन्होंने बताया कि भारत के चावल निर्यात में 5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है और बासमती चावल को अमेरिका, कनाडा और मध्य पूर्व के बाजारों में भी अच्छी पहुंच मिल रही है।
डिजिटल सर्वे और वैज्ञानिक तरीकों से तैयार किए गए अनुमान
कृषि मंत्री ने बताया कि खरीफ 2026-27 के उत्पादन के पहले अग्रिम अनुमान शुरुआती आंकड़े हैं। फसल कटाई प्रयोगों से वास्तविक पैदावार के आंकड़े मिलने के बाद अगले अनुमानों में इनमें बदलाव हो सकता है।
ये अनुमान राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से मिली जानकारी, रिमोट सेंसिंग, साप्ताहिक क्रॉप वेदर वॉच ग्रुप की रिपोर्ट, डिजिटल क्रॉप सर्वे और डिजिटल जनरल क्रॉप एस्टिमेशन सर्वे के आधार पर तैयार किए गए हैं। इसके साथ ही उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से चर्चा और तीन स्तरों पर आंकड़ों की जांच भी की गई है।





