नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है और अगले कुछ दिनों में इसका असर और बढ़ सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताया है। कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में भारी बारिश
पूर्वी राजस्थान में 12 अगस्त को बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में 11 और 12 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। पश्चिमी MP में 11 से 13 अगस्त और पूर्वी MP में 13 से 16 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है।
ओडिशा में बहुत भारी बारिश की चेतावनी
ओडिशा में 13 अगस्त तक बहुत भारी बारिश का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में 14 अगस्त तक भारी बारिश और गरज-चमक हो सकती है। झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भी बारिश जारी रहने की संभावना है। बिहार में 14 से 17 अगस्त के बीच व्यापक बारिश का अनुमान है।
हिमालयी राज्यों में भी बारिश का दौर
जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 17 अगस्त तक व्यापक बारिश हो सकती है। 12 अगस्त को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में भारी बारिश की संभावना है। पंजाब में भी 12 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 से 17 अगस्त के बीच तेज बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर और पश्चिमी तट पर भी असर
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 12 से 17 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 11 से 17 अगस्त तक बारिश जारी रह सकती है।
पश्चिमी तट पर कोंकण-गोवा में 17 अगस्त तक बारिश का दौर बना रहेगा। गुजरात में 13 अगस्त तक और मध्य महाराष्ट्र में भी व्यापक बारिश की संभावना है। वहीं तटीय कर्नाटक और केरल में 17 अगस्त तक बारिश जारी रहने का अनुमान है।
IMD के इस पूर्वानुमान को देखते हुए कई राज्यों में लोगों को भारी बारिश और जलभराव को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।





