नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय है। IMD ने 10 अगस्त को कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से लेकर मध्य भारत और पूर्वोत्तर तक बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अगले दो दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं, 13 अगस्त के आसपास उत्तर बंगाल की खाड़ी के पास नया कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है, जिसके कारण पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश फिर बढ़ सकती है।
इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा, असम-मेघालय और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। गुजरात, कोंकण-गोवा, केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश का अनुमान है।
13 अगस्त के बाद फिर बढ़ेगी बारिश
IMD के अनुसार 13 अगस्त के आसपास उत्तर बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है। इसके असर से पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां फिर तेज होने की संभावना है।
दक्षिण भारत में केरल और तटीय कर्नाटक में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है, जबकि आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और आंतरिक कर्नाटक में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है।
ये भी देखें-





