आलू की खेती करने वाले किसानों के लिए हरियाणा सरकार ने अच्छी पहल की है। सरकार किसानों को उन्नत, रोग प्रतिरोधी और वायरस-मुक्त आलू के क्वालिटी बीज उपलब्ध करा रही है। इसका मकसद किसानों को बेहतर पैदावार दिलाना और उनकी आमदनी बढ़ाना है।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि करनाल के शामगढ़ स्थित पोटैटो टेक्नोलॉजी सेंटर में किसानों के लिए कई उन्नत किस्मों के बीज और मिनीट्यूबर उपलब्ध हैं।किसानों को कुफरी पुखराज, कुफरी मोहन, कुफरी ख्याति, कुफरी चिपसोना और कुफरी फ्रायसोना जैसी उन्नत किस्मों के बीज दिए जा रहे हैं। ये बीज प्रमाणित और वायरस-मुक्त हैं, जिससे आलू की पैदावार बेहतर होने की उम्मीद है।
कौन-कौन से बीज उपलब्ध हैं?
पोटैटो टेक्नोलॉजी सेंटर में अलग-अलग किस्मों के बीज उपलब्ध हैं।
- कुफरी पुखराज: 1,276 क्विंटल सीड साइज, 298.5 क्विंटल अंडर साइज और 157 क्विंटल ओवर साइज बीज
- कुफरी मोहन: 255.5 क्विंटल सीड साइज, 9 क्विंटल अंडर साइज और 210 क्विंटल ओवर साइज बीज
- कुफरी चिपसोना-1: 1 क्विंटल अंडर साइज बीज
- कुफरी ख्याति: 2.5 क्विंटल सीड साइज और 20.5 क्विंटल ओवर साइज बीज
- कुफरी उदय: 0.5 क्विंटल ओवर साइज बीज
इसके अलावा किसानों के लिए मिनीट्यूबर भी उपलब्ध हैं।
इन मिनीट्यूबर की भी सुविधा
- कुफरी उदय – 25,000
- कुफरी चिपसोना-1 – 8,000
- कुफरी हिमालिनी – 11,000
- कुफरी फ्रायसोना – 75,000
घर बैठे कैसे बुक करें आलू का बीज?
किसान हरियाणा बागवानी विभाग के आधिकारिक पोर्टल के जरिए ऑनलाइन बीज बुक कर सकते हैं। इसके लिए किसान को पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन या लॉगिन करना होगा। इसके बाद Potato Seed Booking विकल्प चुनकर पसंद की किस्म और जरूरी मात्रा दर्ज करनी होगी। आवेदन जमा करने के बाद बुकिंग नंबर और रसीद संभालकर रखें।
सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे बुवाई का समय आने से पहले ही अपनी जरूरत के अनुसार आलू के बीज की ऑनलाइन बुकिंग कर लें।





