खेती में इस्तेमाल होने वाले बीज, खाद और कीटनाशकों की गुणवत्ता सीधे फसल और किसानों की आय पर असर डालती है। ऐसे में नकली कृषि उत्पाद न केवल किसानों को आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि पूरी फसल भी खराब कर सकते हैं। इसे देखते हुए केंद्र सरकार ने किसानों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करने की अपील की है।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने किसानों के लिए एक विशेष सलाह जारी करते हुए कहा है कि यदि कोई व्यक्ति नकली बीज, खाद या कीटनाशक बेचने का प्रयास करे, तो इसकी सूचना तुरंत किसान कॉल सेंटर को दें। इसके लिए सरकार ने टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-180-1551 जारी किया है। किसान इस नंबर पर सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
मंत्रालय का कहना है कि समय पर शिकायत मिलने से संबंधित विभाग तुरंत जांच और कार्रवाई कर सकेगा। इससे नकली कृषि उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के साथ-साथ दूसरे किसानों को भी नुकसान से बचाया जा सकेगा।
सरकार ने किसानों को सलाह दी है कि बीज, खाद और कीटनाशक हमेशा अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें, खरीद की रसीद सुरक्षित रखें और पैकेट पर दिए गए लेबल, बैच नंबर तथा वैधता अवधि की जांच जरूर करें। यदि किसी उत्पाद की गुणवत्ता पर संदेह हो या कोई संदिग्ध विक्रेता मिले, तो इसकी जानकारी तुरंत किसान कॉल सेंटर या संबंधित कृषि विभाग को दें।
कृषि मंत्रालय ने अपने संदेश में कहा है कि "आपकी शिकायत ही आपकी फसल की रक्षा है।" इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें और संदिग्ध मामलों की तुरंत सूचना दें।
ये भी देखें-





