देश में खेती के लिए यूरिया की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में किसानों को खाद की कमी न हो और दूसरे देशों से यूरिया मंगाने पर निर्भरता कम हो, इसके लिए सरकार घरेलू उत्पादन बढ़ाने पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में केंद्र सरकार ने 55 हजार करोड़ रुपये के निवेश से यूरिया उत्पादन बढ़ाने वाली 6 परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं के शुरू होने से देश में हर साल 70 लाख टन से ज्यादा अतिरिक्त यूरिया का उत्पादन हो सकेगा। इससे यूरिया के आयात में कमी आने और विदेशी मुद्रा बचाने में मदद मिलेगी।
सरकार को यूरिया उत्पादन से जुड़ी कुल 18 परियोजनाओं के प्रस्ताव मिले थे, जिनमें से 6 को मंजूरी दी गई है। ये सभी पुराने यूरिया प्लांट के विस्तार से जुड़ी परियोजनाएं हैं। इन्हें तमिलनाडु, पंजाब, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और राजस्थान में लगाया जाएगा।
इन 6 जगहों पर बढ़ेगा यूरिया उत्पादन
सरकार की मंजूरी के मुताबिक, मद्रास फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (MFL) के चेन्नई प्लांट, नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (NFL) के नंगल प्लांट, कृभको फर्टिलाइजर्स (KFL) के शाहजहांपुर प्लांट, मैटिक्स के पानागढ़ प्लांट, चंबल फर्टिलाइजर्स (CFCL) के कोटा प्लांट और इंडोरामा इंडिया (IIPL) के जगदीशपुर प्लांट में उत्पादन क्षमता बढ़ाई जाएगी।
इनमें से मैटिक्स, इंडोरामा और चंबल फर्टिलाइजर्स निजी क्षेत्र की कंपनियां हैं, जबकि बाकी सरकारी या सहकारी क्षेत्र से जुड़ी हैं। एक प्लांट पर करीब 9 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। हालांकि, कोयले से गैस बनाने वाली परियोजना की लागत इससे ज्यादा हो सकती है।
7 मिलियन टन से ज्यादा बढ़ेगा उत्पादन
अधिकारियों के मुताबिक, इन परियोजनाओं के शुरू होने के बाद देश में हर साल 70 लाख टन से ज्यादा अतिरिक्त यूरिया का उत्पादन किया जा सकेगा। भारत ने 2025-26 में करीब 1 करोड़ टन यूरिया आयात किया था। ऐसे में घरेलू उत्पादन बढ़ने से आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
सरकार ने जुलाई 2026 में नई यूरिया निवेश नीति (NIPU-2026) को मंजूरी दी थी। इस नीति का मकसद देश में नए यूरिया प्लांट लगाने और मौजूदा प्लांट की क्षमता बढ़ाने के लिए निवेश को प्रोत्साहित करना है। सरकार ने इसके जरिए 8 नए प्लांट लगाने और करीब 1 करोड़ टन अतिरिक्त उत्पादन क्षमता तैयार करने का लक्ष्य रखा है।
2014-15 से बढ़ा यूरिया का उत्पादन
सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, देश में यूरिया का उत्पादन 2014-15 में 2.25 करोड़ टन था, जो 2023-24 में बढ़कर रिकॉर्ड 3.141 करोड़ टन तक पहुंच गया। हालांकि, दो प्लांट बंद होने के कारण 2025-26 में उत्पादन घटकर 2.933 करोड़ टन रह गया।
पिछले एक दशक में बंद पड़े प्लांट दोबारा शुरू करने और कुछ इकाइयों की क्षमता बढ़ाने से देश में यूरिया उत्पादन में इजाफा हुआ है। इसके बावजूद घरेलू उत्पादन अभी भी मांग से कम है। देश में यूरिया की सालाना मांग करीब 4 करोड़ टन बताई गई है।
हर साल 5 फीसदी बढ़ रही यूरिया की मांग
रिपोर्ट के मुताबिक, देश में यूरिया की मांग हर साल करीब 5 फीसदी की दर से बढ़ रही है। इसकी एक वजह फसल चक्र में बदलाव और खाद्यान्न उत्पादन बढ़ाने की जरूरत है। ऐसे में आने वाले समय में यूरिया की मांग और बढ़ सकती है।
नई निवेश नीति के तहत सरकार ने यूरिया बनाने वाली कंपनियों के लिए सब्सिडी की गणना में तय और बदलने वाली लागत को अलग-अलग रखा है। साथ ही कंपनियों को निवेश पर कम से कम 12 फीसदी और अधिकतम 16 फीसदी रिटर्न देने का प्रावधान किया गया है। विदेशी मुद्रा में होने वाले उतार-चढ़ाव से होने वाले नुकसान को कम करने की व्यवस्था भी की गई है। सरकार के मुताबिक, इससे हर प्लांट को करीब 250 करोड़ रुपये की बचत हो सकती है।





