पशुओं के लिए हरे और पौष्टिक चारे का इंतजाम करना डेयरी और पशुपालन से जुड़े किसानों के लिए बड़ी चुनौती है। खासकर उन इलाकों में जहां बारिश कम होती है और सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होता। ऐसे में बाजरे की खेती किसानों के लिए चारा उत्पादन का अच्छा विकल्प बन सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के झांसी स्थित भारतीय चारागाह एवं चारा अनुसंधान संस्थान ने बाजरे की एक नई किस्म विकसित की है। इसका नाम 'बुंदेल बाजरा-1' (Bundel Bajra 1) रखा गया है। इस किस्म से एक हेक्टेयर में औसतन 531.1 क्विंटल हरा चारा पैदा किया जा सकता है, जबकि इसकी संभावित पैदावार 700 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक बताई गई है।
राजस्थान है बाजरा उत्पादन में सबसे आगे
भारत में बाजरे की खेती मुख्य रूप से राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, गुजरात और मध्य प्रदेश में होती है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की रिपोर्ट Agricultural Statistics at a Glance 2024-25 के मुताबिक, 2024-25 में देश में करीब 112 लाख टन बाजरे का उत्पादन हुआ। इसमें राजस्थान सबसे बड़ा उत्पादक राज्य रहा। देश के कुल बाजरा उत्पादन में राजस्थान की हिस्सेदारी करीब 45 फीसदी है। वहीं, उत्तर प्रदेश करीब 17 फीसदी हिस्सेदारी के साथ दूसरे स्थान पर है। हरियाणा और गुजरात भी बाजरा उत्पादन के प्रमुख राज्य हैं।
बाजरे की खासियत यह है कि इसे कम पानी और कम बारिश वाले इलाकों में भी उगाया जा सकता है। यही वजह है कि राजस्थान और हरियाणा जैसे राज्यों में इसकी खेती बड़े पैमाने पर होती है। बाजरा केवल अनाज के रूप में ही नहीं, बल्कि पशुओं के लिए हरे चारे के तौर पर भी काफी उपयोगी है। ऐसे में इसकी उन्नत चारा किस्में किसानों के लिए पशुपालन और डेयरी व्यवसाय में मददगार साबित हो सकती हैं।
एक हेक्टेयर में 531 क्विंटल हरे चारे की पैदावार
ICAR की ओर से विकसित बुंदेल बाजरा-1 खासतौर पर हरे चारे के उत्पादन के लिए तैयार की गई है। इससे औसतन 531.1 क्विंटल हरा चारा प्रति हेक्टेयर मिल सकता है। वहीं, इसकी संभावित पैदावार 700 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक बताई गई है।
इस किस्म की खास बात सिर्फ इसकी ज्यादा पैदावार नहीं, बल्कि इसकी पौष्टिक गुणवत्ता भी है। इसमें 56 फीसदी तक डाइजेस्टिबिलिटी यानी पाचन क्षमता बताई गई है। इसके अलावा इससे प्रति हेक्टेयर 9.52 क्विंटल क्रूड प्रोटीन प्राप्त हो सकता है। बेहतर पाचन क्षमता और प्रोटीन की मात्रा के चलते यह पशुओं के लिए पौष्टिक चारा उपलब्ध कराने में मदद कर सकती है। संस्थान के मुताबिक, इस किस्म का उद्देश्य पशुओं के पोषण को बेहतर बनाने के साथ उनकी उत्पादकता बढ़ाने में मदद करना है।
चारे की बेहतर किस्में विकसित करने पर रिसर्च
झांसी स्थित ICAR-भारतीय चारागाह एवं चारा अनुसंधान संस्थान की ओर से बाजरे की ऐसी किस्में विकसित करने पर भी काम किया जा रहा है, जिनसे ज्यादा चारा उत्पादन मिल सके। इसके तहत अधिक पैदावार देने वाली सिंगल कट और मल्टी कट बाजरा किस्मों के विकास पर रिसर्च की जा रही है।
सिंगल कट किस्मों में एक बार और मल्टी कट किस्मों में जरूरत के मुताबिक एक से ज्यादा बार चारे की कटाई की जा सकती है। इससे चारा उत्पादन की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। इसके अलावा बाजरे में ब्लास्ट रोग से बचाव के लिए भी काम किया जा रहा है। इसके लिए ऐसे जेनेटिक मार्कर की पहचान की जा रही है, जिनकी मदद से भविष्य में रोग प्रतिरोधी किस्में विकसित की जा सकें।
कटाई के बाद जल्दी दोबारा बढ़ेगा चारा
बाजरे की चारा फसल में कटाई के बाद दोबारा बढ़ने की क्षमता भी काफी मायने रखती है। इससे किसानों को एक ही फसल से दोबारा चारा मिल सकता है। इसी को देखते हुए संस्थान ऐसे जीन की पहचान करने पर काम कर रहा है, जो बाजरे की कटाई के बाद उसकी दोबारा बढ़ने की क्षमता यानी रीग्रोथ (Regrowth) को बेहतर बनाने में मदद करते हैं।
इस तरह बुंदेल बाजरा-1 जैसी उन्नत किस्मों और संस्थान की रिसर्च से चारा उत्पादन बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे खासकर उन किसानों को मदद मिल सकती है, जो खेती के साथ डेयरी और पशुपालन का काम भी करते हैं।
ये भी देखें-





