उत्तर प्रदेश के फल और सब्जियां अब देश ही नहीं, विदेशों में भी अपनी पहचान बना रहे हैं। प्रदेश में पैदा होने वाले आलू, अंगूर, अनार, आम, तरबूज और हरी मटर की मांग अमेरिका, जर्मनी, इजराइल और जापान जैसे देशों में बढ़ रही है। खास बात यह है कि विदेशों में सिर्फ ताजे फल और सब्जियां ही नहीं, बल्कि आलू के फ्लेक्स और सूखी सब्जियों जैसे प्रोसेस्ड उत्पाद भी भेजे जा रहे हैं। प्रदेश के 15 प्रमुख बागवानी उत्पादों का कुल निर्यात 489.01 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इनमें नेपाल सबसे बड़ा खरीदार बनकर उभरा है।
आलू के निर्यात से यूपी को सबसे ज्यादा कमाई
उत्तर प्रदेश के बागवानी उत्पादों के निर्यात में आलू की सबसे बड़ी हिस्सेदारी है। ताजे और शीतित आलू का निर्यात 146.03 करोड़ रुपये रहा। इसमें अकेले नेपाल को 145.12 करोड़ रुपये के आलू भेजे गए। वहीं, आलू से तैयार फ्लेक्स, ग्रेन्यूल्स और पेलेट्स का निर्यात 103.24 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
इस तरह सिर्फ इन दोनों श्रेणियों के आलू उत्पादों का निर्यात 249.27 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। आलू के फ्लेक्स और दूसरे प्रोसेस्ड उत्पाद जापान, मलेशिया, इजराइल और इंडोनेशिया जैसे देशों में भी भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा सूखे आलू का निर्यात 26.89 करोड़ रुपये रहा, जिसके खरीदारों में नेपाल के साथ अमेरिका और जर्मनी भी शामिल हैं।
अंगूर, अनार और तरबूज की भी विदेशों में मांग
यूपी के दूसरे फल भी विदेशी बाजारों में अपनी जगह बना रहे हैं। ताजे अंगूर का निर्यात 34.89 करोड़ रुपये और अनार का निर्यात 24.78 करोड़ रुपये रहा। अंगूर का पूरा निर्यात नेपाल को किया गया, जबकि अनार के लिए भी नेपाल एक बड़ा बाजार है।
इसके अलावा संतरे का निर्यात 21.19 करोड़ रुपये और तरबूज का निर्यात 20.37 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। तरबूज की सबसे ज्यादा मांग नेपाल में रही। वहीं, नींबू और लाइम का निर्यात 15.71 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
अमेरिका और जर्मनी में भी पहुंच रही यूपी की हरी मटर
उत्तर प्रदेश की सब्जियों की मांग भी विदेशों में बढ़ रही है। फ्रोजन मटर का निर्यात 12.16 करोड़ रुपये और हरी मटर का निर्यात 11.99 करोड़ रुपये रहा। फ्रोजन मटर सऊदी अरब, नेपाल, कनाडा और यूएई भेजी जा रही है, जबकि हरी मटर के खरीदारों में अमेरिका और जर्मनी भी शामिल हैं।
इसके अलावा सूखी और निर्जलित सब्जियों का निर्यात 23.51 करोड़ रुपये रहा। इनमें जर्मनी को 19.70 करोड़ रुपये, अमेरिका को 3.05 करोड़ रुपये और नेपाल को 76 लाख रुपये के उत्पाद भेजे गए। दूसरी सब्जियों और उनके मिश्रण का निर्यात भी 18.03 करोड़ रुपये रहा। इनकी मांग अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और यूएई में है।
आम और अमरूद ने भी बनाई विदेशों में पहचान
यूपी के आम और अमरूद भी विदेशी बाजारों तक पहुंच रहे हैं। आम की दूसरी किस्मों का निर्यात 10.53 करोड़ रुपये और अमरूद का निर्यात 5.18 करोड़ रुपये रहा। आम के खरीदारों में नेपाल के अलावा ब्रिटेन, यूएई और कतर शामिल हैं। वहीं, अमरूद के लिए नेपाल सबसे बड़ा बाजार बना हुआ है।
प्रदेश सरकार के मुताबिक, किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए फल-सब्जियों के उत्पादन के साथ उनकी प्रोसेसिंग, भंडारण, गुणवत्ता और निर्यात सुविधाओं को बेहतर बनाने पर काम किया जा रहा है। इससे किसानों को अपने उत्पादों के लिए देश के बाहर भी नए बाजार मिल रहे हैं।


