News Potli

लखनऊ में 1 दिसंबर से लगेगा UP Cooperative Expo 2026, किसानों और कारीगरों को मिलेगा अपने उत्पाद बेचने का मौका

इस 10 दिवसीय एक्सपो में इफको (IFFCO), नैफेड (NAFED) सहित डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण, खादी एवं ग्रामोद्योग, मत्स्य पालन, माटीकला और उर्वरक क्षेत्र से जुड़ी संस्थाएं हिस्सा लेंगी। यहां किसान, दूध उत्पादक, मछली पालक, महिला समूह और छोटे कारोबारी अपने उत्पादों और नई तकनीकों को प्रदर्शित कर सकेंगे।

News Potli

News Potli·News Potli Desk·29 Nov 2026

लखनऊ में 1 दिसंबर से लगेगा UP Cooperative Expo 2026, किसानों और कारीगरों को मिलेगा अपने उत्पाद बेचने का मौका

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के किसानों, कारीगरों और छोटे कारोबारियों के लिए अच्छी खबर है। लखनऊ में 1 दिसंबर से 10 दिसंबर 2026 तक 'यू.पी. कोऑपरेटिव एक्सपो-2026' का आयोजन किया जाएगा। गोमती नगर स्थित बैडमिंटन अकादमी में लगने वाले इस एक्सपो में किसानों, उत्पादकों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों को लोगों तक पहुंचाने का मौका मिलेगा। खास बात यह है कि यहां ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार होने वाले उत्पादों को सीधे शहरी ग्राहकों से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।

उत्तर प्रदेश के सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जे.पी.एस. राठौर ने शनिवार को लखनऊ में प्रेस वार्ता के दौरान एक्सपो की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मकसद ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले किसानों, उत्पादकों और कारीगरों को एक ऐसा मंच देना है, जहां वे अपने उत्पादों और काम को लोगों के सामने रख सकें। इससे उन्हें नए ग्राहक और बाजार मिलने में मदद मिलेगी।

एक्सपो में इन संस्थाओं के उत्पादों की लगेगी प्रदर्शनी

इस 10 दिवसीय एक्सपो में इफको (IFFCO), नैफेड (NAFED) सहित डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण, खादी एवं ग्रामोद्योग, मत्स्य पालन, माटीकला और उर्वरक क्षेत्र से जुड़ी संस्थाएं हिस्सा लेंगी। यहां किसान, दूध उत्पादक, मछली पालक, महिला समूह और छोटे कारोबारी अपने उत्पादों और नई तकनीकों को प्रदर्शित कर सकेंगे।

इसके अलावा 'एक जनपद-एक उत्पाद' (ODOP) और 'एक जनपद-एक व्यंजन' (ODOC) योजना से जुड़े उत्पादों और पारंपरिक पकवानों की भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इससे स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने और उनकी बिक्री बढ़ाने में मदद मिलेगी।

किसानों और कारीगरों को क्या होगा फायदा?

इस एक्सपो के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार होने वाले उत्पादों को शहरों के ग्राहकों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी। इससे किसानों, कारीगरों और छोटे कारोबारियों को अपने उत्पाद बेचने के लिए नए बाजार मिल सकते हैं। साथ ही उन्हें अपने उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और ब्रांडिंग को बेहतर बनाने का मौका भी मिलेगा।

एक्सपो में सहकारी संस्थाओं से जुड़ी किताबें, लेख और पत्रिकाएं भी रखी जाएंगी। इनके जरिए लोगों को सहकारिता से जुड़े कामों, योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी जाएगी।

रोजाना शाम को होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

एक्सपो में खरीदारी और उत्पादों की प्रदर्शनी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। हर दिन शाम 6 बजे से अलग-अलग कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

कब और कहां लगेगा एक्सपो?

आयोजन: 1 से 10 दिसंबर 2026

स्थान: बैडमिंटन अकादमी, गोमती नगर, लखनऊ

समय: सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक

सांस्कृतिक कार्यक्रम: हर दिन शाम 6 बजे से

सहकारिता राज्यमंत्री जे.पी.एस. राठौर ने किसानों, उद्यमियों, कारीगरों और आम लोगों से इस एक्सपो में शामिल होने की अपील की है। सरकार का कहना है कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार व कमाई के नए अवसर पैदा होंगे।

UP Cooperative Expo 2026Lucknow Events December 2026Farmers Expo 2026UP Cooperative Expo LucknowUttar Pradesh News
News Potli

About the Author

News Potli

News Potli Desk