News Potli

पंजाब में गन्ने का नया रेट घोषित, हर क्विंटल पर मिलेंगे 431 रुपये

पिछले सीजन यानी 2025-26 में पंजाब में गन्ने का भाव 416 रुपये प्रति क्विंटल था। अब इसमें 15 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही राज्य की चीनी मिलों में 25 नवंबर 2026 से पेराई शुरू करने का भी ऐलान किया गया है।

Pooja Rai

Pooja Rai·25 Nov 2026

पंजाब में गन्ने का नया रेट घोषित, हर क्विंटल पर मिलेंगे 431 रुपये

देश के कई राज्यों में गन्ने का उचित भाव बढ़ाने की मांग को लेकर किसान आंदोलन कर रहे हैं। हरियाणा और मध्य प्रदेश में किसान 600 रुपये प्रति क्विंटल की मांग कर रहे हैं, वहीं कर्नाटक में भी किसान संगठन गन्ने का भाव बढ़ाने को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं। इस बीच पंजाब सरकार ने 2026-27 के पेराई सीजन के लिए गन्ने का भाव बढ़ाकर 431 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। सरकार के मुताबिक, यह देश में गन्ने का सबसे अधिक भाव है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 25 नवंबर को इसकी घोषणा की। पिछले सीजन यानी 2025-26 में पंजाब में गन्ने का भाव 416 रुपये प्रति क्विंटल था। अब इसमें 15 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही राज्य की चीनी मिलों में 25 नवंबर 2026 से पेराई शुरू करने का भी ऐलान किया गया है।

पंजाब में किसानों की मांग थी 550 रुपये प्रति क्विंटल

पंजाब सरकार ने यह फैसला ऐसे समय में लिया है, जब राज्य के गन्ना किसान भी भाव बढ़ाने की मांग कर रहे थे। किसानों ने 2026-27 सीजन के लिए गन्ने का भाव 550 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की थी। किसानों का कहना है कि खाद, मजदूरी, डीजल और सिंचाई का खर्च लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में मौजूदा भाव से खेती की लागत निकालना मुश्किल हो रहा है।

हरियाणा और मध्य प्रदेश में 600 रुपये की मांग

हरियाणा में सरकार ने 2026-27 सीजन के लिए गन्ने का भाव 430 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है, लेकिन किसान संगठन इससे संतुष्ट नहीं हैं। किसान 600 रुपये प्रति क्विंटल भाव की मांग कर रहे हैं।

वहीं, मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के किसान भी गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने और 100 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने की मांग को लेकर भोपाल पहुंचे थे। किसानों का कहना है कि स्थानीय चीनी मिलें फिलहाल करीब 400 से 450 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव दे रही हैं, जबकि खेती की लागत काफी बढ़ गई है।

कर्नाटक में भी गन्ना किसान संगठनों ने राज्य सरकार से गन्ने का राज्य सलाहकारी मूल्य (SAP) घोषित करने और केंद्र सरकार से उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) बढ़ाने की मांग की है।

केंद्र का FRP और पंजाब का SAP अलग-अलग

गन्ने के भाव को लेकर एक बात समझना जरूरी है। केंद्र सरकार ने 2026-27 सीजन के लिए गन्ने का उचित और लाभकारी मूल्य (FRP) 365 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। यह 10.25 फीसदी की बेसिक रिकवरी दर के आधार पर है। वहीं, पंजाब सरकार ने अपने राज्य के लिए 431 रुपये प्रति क्विंटल का राज्य सलाहकारी मूल्य (SAP) घोषित किया है।

FRP केंद्र सरकार की ओर से तय न्यूनतम दर है, जबकि राज्य सरकारें किसानों के लिए इससे अधिक SAP तय कर सकती हैं। इसलिए केंद्र का 365 रुपये FRP और पंजाब का 431 रुपये SAP दो अलग-अलग दरें हैं।

पंजाब में बढ़ा गन्ने की खेती का रकबा

द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब में इस साल गन्ने की खेती का रकबा बढ़कर करीब 1.16 लाख हेक्टेयर हो गया है, जबकि पिछले साल यह लगभग 1.12 लाख हेक्टेयर था। इस सीजन में राज्य में करीब 700 लाख क्विंटल गन्ने के उत्पादन का अनुमान है। पंजाब में गन्ने की कुल पेराई का लगभग 70 फीसदी हिस्सा निजी चीनी मिलें करती हैं, जबकि बाकी 30 फीसदी पेराई सहकारी चीनी मिलों में होती है।

Punjab Sugarcane Price₹431 Sugarcane PriceSugarcane FRPSugarcane Price HikeSugarcane Farmers Protest Sugarcane SAP 2026-27 Punjab Farmers
Pooja Rai

About the Author

Pooja Rai

सभी लेख देखें