प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों से गेहूं, धान और गन्ने जैसी पारंपरिक फसलों पर निर्भरता कम करने और दूसरी फसलों की खेती बढ़ाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए खेती में बदलाव जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने रासायनिक खाद और कीटनाशकों का इस्तेमाल कम करने, प्राकृतिक खेती अपनाने और कृषि मशीनरी को सौर ऊर्जा से चलाने पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री गुरुवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया टुडे ग्रुप की ओर से आयोजित भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में देशभर से किसान, कृषि वैज्ञानिक और कृषि क्षेत्र से जुड़े उद्यमी शामिल हुए।
गेहूं-धान के साथ दूसरी फसलों पर भी दें ध्यान
पीएम मोदी ने कहा कि सिर्फ गेहूं, धान और गन्ने की खेती पर निर्भर रहने से किसानों की आमदनी बढ़ाने के अवसर सीमित हो सकते हैं। किसानों को फसल विविधीकरण यानी अलग-अलग फसलों की खेती की ओर बढ़ना चाहिए। इसके साथ डेयरी, मछली पालन, बागवानी और मधुमक्खी पालन जैसी गतिविधियों को भी खेती से जोड़ना चाहिए, ताकि किसानों के पास कमाई के कई रास्ते हों।
उन्होंने कहा कि देश में कृषि उत्पादों का सालाना निर्यात 4 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है। भारत दूध, दाल, जूट, चावल और मोटे अनाज के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है, जबकि गेहूं, कपास, फल, सब्जियों और मछली के उत्पादन में दूसरे स्थान पर है।
रासायनिक खाद छोड़ प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील
प्रधानमंत्री ने किसानों से खेती में रसायनों का इस्तेमाल कम करने और प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेती में रसायनों का ज्यादा इस्तेमाल धरती को नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने मिट्टी की सेहत बचाने पर जोर देते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जमीन को सुरक्षित रखना जरूरी है।
मोदी ने यह भी बताया कि पिछले 12 साल में सरकार ने किसानों को सस्ती खाद उपलब्ध कराने के लिए करीब 16 लाख करोड़ रुपये खर्च किए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद की कीमतों में अंतरराष्ट्रीय बाजार के उतार-चढ़ाव का पूरा बोझ नहीं उठाना पड़े, इसके लिए सरकार सब्सिडी दे रही है।
सौर ऊर्जा से चलें कृषि मशीनें
पीएम मोदी ने कृषि उपकरण बनाने वाली कंपनियों, स्टार्टअप और MSME सेक्टर से सौर ऊर्जा से चलने वाली मशीनें विकसित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि देश के हर खेत तक सौर ऊर्जा पहुंचे और खेती में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी इसी ऊर्जा से चलें।
उन्होंने PM-KUSUM योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत अब तक करीब 12 लाख सोलर पंप दिए जा चुके हैं। इससे किसानों का बिजली खर्च कम करने और खेतों में सोलर प्लांट लगाकर अतिरिक्त कमाई करने के रास्ते खुले हैं।


