प्याज खरीदने बाजार पहुंच रहे लोगों को इन दिनों जेब पहले से ज्यादा ढीली करनी पड़ रही है। कई शहरों में प्याज के दाम 55 से 60 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं। ऐसे में रोज की रसोई का बजट बिगड़ रहा है। इसी बीच केंद्र सरकार ने आम लोगों को राहत देने के लिए बफर स्टॉक से प्याज बाजार में उतारने का फैसला किया है। दिल्ली में गुरुवार से प्याज 35 रुपये प्रति किलो की रियायती कीमत पर मिलेगा।
सरकार की यह सस्ती प्याज बिक्री फिलहाल दिल्ली से शुरू होगी और सप्ताह के अंत तक NCR के दूसरे इलाकों तक भी पहुंचाई जाएगी। प्याज की बिक्री NAFED, NCCF और केंद्रीय भंडार के जरिए की जाएगी।
बफर स्टॉक से आएगा सस्ता प्याज
केंद्र के पास 2026 के लिए करीब 1.21 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक है। इसी स्टॉक में से प्याज निकालकर बाजार में उतारा जा रहा है, ताकि बढ़ती कीमतों पर कुछ हद तक लगाम लगाई जा सके।
NCCF के पास करीब 62,000 टन प्याज का स्टॉक है। इसमें से 400 टन प्याज महाराष्ट्र के नासिक से दिल्ली भेजा जा रहा है। इसके लिए 'कांदा एक्सप्रेस' नाम से विशेष रेल सेवा का इस्तेमाल किया जा रहा है।
दुकानों के साथ मोबाइल वैन से भी बिक्री
दिल्ली में NCCF करीब 100 केंद्रीय भंडार स्टोर के जरिए प्याज बेचेगा। इसके अलावा मदर डेयरी के करीब 300 आउटलेट्स पर भी बिक्री की योजना बनाई जा रही है। लोगों तक प्याज आसानी से पहुंचाने के लिए शुरुआत में 15 मोबाइल वैन लगाई जाएंगी, जिन्हें बाद में बढ़ाकर 40 किया जाएगा।
एक महीने में 28 फीसदी महंगा हुआ प्याज
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 25 अगस्त को देश में प्याज की औसत खुदरा कीमत 44.72 रुपये किलो थी। एक महीने पहले 25 जुलाई को यह 34.80 रुपये किलो थी। यानी एक महीने में प्याज के दाम करीब 28 फीसदी बढ़ गए।
एक साल पहले प्याज की औसत कीमत 28.67 रुपये किलो थी। यानी सालाना आधार पर कीमत में करीब 56 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
चेन्नई और कोलकाता में प्याज 60 रुपये किलो, दिल्ली में 55 रुपये, मुंबई में 48 रुपये और रांची में करीब 38 रुपये किलो तक पहुंच गया है।
सरकार ने कहा- देश में प्याज की कमी नहीं
हालांकि, सरकार का कहना है कि देश में प्याज की उपलब्धता पर्याप्त है। 2025-26 में प्याज का उत्पादन करीब 307.37 लाख टन रहने का अनुमान है, जो पिछले साल के 307.67 लाख टन के लगभग बराबर है।
सरकार के मुताबिक अगस्त-सितंबर में प्याज के दाम बढ़ना सामान्य मौसमी ट्रेंड है। त्योहारों की मांग, मौसम में बदलाव और सप्लाई चेन से जुड़ी दिक्कतों के कारण भी कीमतों में तेजी आती है। ऐसे में बफर स्टॉक से प्याज की बिक्री कर सरकार फिलहाल लोगों को महंगे प्याज से राहत देने की कोशिश कर रही है।





