दुनियाभर में नारियल की खेती और इससे जुड़े कारोबार को बढ़ावा देने के लिए भारत में अंतरराष्ट्रीय बैठक होने जा रही है। केरल के कोच्चि में 17 से 20 नवंबर 2026 तक International Coconut Community (ICC) का 62वां सत्र और मंत्रिस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। इसका आयोजन भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के तहत नारियल विकास बोर्ड और इंडोनेशिया के जकार्ता स्थित ICC की ओर से किया जा रहा है।
मंत्री और कृषि विशेषज्ञ होंगे शामिल
इस बैठक में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर के साथ एशिया-प्रशांत क्षेत्र के कई नारियल उत्पादक देशों के मंत्री और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी शामिल होंगे। इसके अलावा वैज्ञानिक, शोधकर्ता, कारोबारी और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी हिस्सा लेंगे। 17 नवंबर को होने वाले उद्घाटन समारोह का शुभारंभ रामनाथ ठाकुर करेंगे।
नारियल क्षेत्र में बेहतर काम करने वालों को मिलेगा सम्मान
बैठक के उद्घाटन समारोह में नारियल क्षेत्र में अच्छा काम करने वाले लोगों को तीन श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। इनमें सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय नारियल किसान, उत्कृष्ट नारियल वैज्ञानिक या शोधकर्ता और सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय नारियल उद्यमी शामिल हैं।
नारियल उत्पादक देशों के बीच बढ़ेगा सहयोग
International Coconut Community की स्थापना 1969 में संयुक्त राष्ट्र की एशिया-प्रशांत आर्थिक एवं सामाजिक आयोग (UN-ESCAP) के तहत हुई थी। यह नारियल उत्पादन करने वाले देशों का एक अंतर-सरकारी संगठन है। इसका उद्देश्य सदस्य देशों को एक मंच पर लाना, नारियल उद्योग से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करना और आपसी सहयोग को बढ़ाना है।
कोच्चि में होने वाली चार दिवसीय बैठक में नारियल उद्योग के सामने मौजूद चुनौतियों, खेती से जुड़े नए तरीकों और कारोबार के अवसरों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही सदस्य देश अपने अनुभव साझा करेंगे और नारियल उद्योग के टिकाऊ विकास के लिए मिलकर काम करने के तरीकों पर विचार करेंगे।


