भारत में खाद्य तेलों की खपत लगातार बढ़ रही है, लेकिन घरेलू उत्पादन इस मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है। यही वजह है कि भारत को हर साल बड़ी मात्रा में खाद्य तेल दूसरे देशों से आयात करना पड़ता है। इस निर्भरता को कम करने और देश में तिलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SEA) ने केंद्र सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि खाद्य तेलों के मामले में आत्मनिर्भर बनने के लिए खेती से लेकर प्रसंस्करण और बाजार तक एक व्यापक राष्ट्रीय रणनीति बनाने की जरूरत है।
हर साल 170 लाख टन खाद्य तेल आयात कर रहा भारत
SEA की ओर से दिए गए ज्ञापन के मुताबिक, भारत हर साल करीब 170 लाख टन खाद्य तेल आयात करता है। देश की कुल खाद्य तेल खपत का लगभग 60 फीसदी हिस्सा आयात से पूरा होता है। इस पर हर साल करीब 2 लाख करोड़ रुपये खर्च होते हैं। ऐसे में घरेलू स्तर पर तिलहन उत्पादन बढ़ाना जरूरी है, ताकि दूसरे देशों से होने वाले आयात पर निर्भरता कम की जा सके और देश की खाद्य तेल सुरक्षा मजबूत हो।
सरकार से राष्ट्रीय पहल शुरू करने की मांग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से FICCI AGM 2026 में उद्योग जगत से विकसित भारत 2047 के लिए ठोस सुझाव देने की अपील के बाद SEA ने केंद्र सरकार को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा है। इसमें खाद्य तेल के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए नीतिगत कदम उठाने की मांग की गई है। एसोसिएशन का जोर ऐसी राष्ट्रीय पहल पर है, जिससे किसानों को तिलहन की खेती के लिए प्रोत्साहन मिले और देश में इन फसलों का उत्पादन बढ़ाया जा सके।
पहले से चल रही है तिलहन उत्पादन बढ़ाने की योजना
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने अक्टूबर 2024 में राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-तिलहन (NMEO-Oilseeds) को मंजूरी दी थी। इस मिशन का लक्ष्य 2030-31 तक प्रमुख तिलहनों का उत्पादन बढ़ाकर 6.97 करोड़ टन करना है। इसके लिए सरकार ने 10,103 करोड़ रुपये का बजट रखा है। मिशन के तहत सरसों, मूंगफली, सोयाबीन, सूरजमुखी और तिल जैसी फसलों का उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
SEA की ताजा मांग ऐसे समय आई है, जब देश की खाद्य तेल जरूरत का करीब 60 फीसदी हिस्सा आयात से पूरा हो रहा है। एसोसिएशन का मानना है कि घरेलू तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए मौजूदा योजनाओं के साथ व्यापक राष्ट्रीय रणनीति और प्रभावी नीतिगत कदम उठाने की जरूरत है।


