बदलते मौसम, बढ़ती बीमारियों और फसलों की गुणवत्ता से जुड़ी चुनौतियों के बीच अब बागवानी फसलों को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसी दिशा में बेंगलुरु में जीन एडिटिंग तकनीक पर रिसर्च के लिए एक नया सेंटर शुरू किया गया है। यहां टमाटर, मिर्च, अंगूर, पपीता और अनार की ऐसी किस्में और हाइब्रिड विकसित करने पर काम होगा, जिनमें खास गुण हों और जो खेती की जरूरतों के मुताबिक बेहतर साबित हो सकें।
ICAR के संस्थान में बनाया गया सेंटर
इस सेंटर की स्थापना भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के भारतीय बागवानी अनुसंधान संस्थान (IIHR), हेसरघट्टा में की गई है। इसका उद्घाटन रविवार को कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (DARE) के सचिव और ICAR के महानिदेशक एमएल जाट ने किया। यह सेंटर ICAR की एक परियोजना के तहत बनाया गया है, जिसका उद्देश्य जीन एडिटिंग के जरिए बागवानी फसलों को जलवायु परिवर्तन के असर से बचाना और देश में खाद्य एवं पोषण सुरक्षा को मजबूत करना है।
आधुनिक लैब में होगी जीन एडिटिंग पर रिसर्च
सेंटर में Biosafety Level-II लैब बनाई गई है, जहां खतरनाक सूक्ष्मजीवों पर सुरक्षित तरीके से रिसर्च की जा सकेगी। इसके लिए लैब में खास व्यवस्था की गई है, ताकि वहां मौजूद सूक्ष्मजीव बाहर के वातावरण में न फैलें। इसके अलावा Plant Tissue Culture और Transformation Facility भी बनाई गई है। यहां पौधों की कोशिकाओं और ऊतकों पर काम करके जीन एडिटिंग वाली फसलें विकसित की जा सकेंगी। सेंटर में आधुनिक उपकरणों से लैस Molecular Biology और Bioinformatics लैब भी मौजूद हैं, जिनकी मदद से पौधों में किए गए आनुवंशिक बदलावों की जांच की जाएगी।
किसानों और युवाओं को भी नई तकनीकों से जोड़ने पर जोर
उद्घाटन के दौरान एमएल जाट ने वैज्ञानिकों से कहा कि जीन एडिटिंग रिसर्च के लिए जरूरी संसाधनों और तकनीक के मामले में भारत को आत्मनिर्भर बनाने पर काम करना चाहिए। उन्होंने रिसर्च में सही प्राथमिकताएं तय करने, बेहतर डेटा व्यवस्था बनाने और ऐसी नई तकनीकों पर ध्यान देने की जरूरत बताई, जिनमें भारत दुनिया में आगे बढ़ सकता है।
इस दौरान उन्होंने Farmers’ Advanced Training Centre का भी उद्घाटन किया और प्रगतिशील किसानों, उद्यमियों, नर्सरी संचालकों और प्राकृतिक खेती करने वालों से बातचीत की। इस चर्चा में प्राकृतिक खेती के तरीके, बागवानी में नए प्रयोग और अल नीनो के संभावित असर से फसलों को बचाने की रणनीतियों पर बात हुई।
एमएल जाट ने संस्थान के पोस्टग्रेजुएट छात्रों से भी बातचीत की। उन्होंने युवा वैज्ञानिकों को नई तकनीकों और रिसर्च के नए अवसरों पर काम करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही कृषि में Microbial Technologies, Biofertilizers और स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े नए प्रयोगों की संभावनाओं पर भी जोर दिया।


