बारिश का दौर अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। झारखंड और आसपास बने निम्न दबाव क्षेत्र के असर से उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रह सकती है। मौसम विभाग ने 26 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं यूपी-बिहार के कई इलाकों में जलभराव और अचानक बाढ़ का खतरा भी बना हुआ है।
यूपी-बिहार में बारिश का दौर जारी
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26-27 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। बिहार में 26 अगस्त को कई जगह बारिश और 27 से 31 अगस्त तक बारिश का दौर बने रहने का अनुमान है। झारखंड में 29 अगस्त तक और छत्तीसगढ़ में 31 अगस्त तक बारिश जारी रह सकती है।
पूर्वी यूपी के मिर्जापुर, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, चित्रकूट, कौशांबी और बांदा समेत कई जिलों में जलभराव और अचानक बाढ़ का खतरा बताया गया है। वहीं दिल्ली-NCR में 26 अगस्त को बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री के आसपास रह सकता है। 27 अगस्त को भी हल्की बारिश हो सकती है।
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में 29 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। उत्तराखंड में 26 अगस्त के बाद 30-31 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है। ओडिशा में 28-31 अगस्त के बीच कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।
भारी बारिश वाले इलाकों में किसान खेतों में पानी जमा न होने दें और जल निकासी की व्यवस्था रखें। बारिश के दौरान खाद और कीटनाशकों का छिड़काव करने से बचें। सब्जियों और छोटे फलदार पौधों को तेज हवा से बचाने के लिए सहारा दें। कटाई के बाद तैयार फसल को भी सुरक्षित और सूखी जगह पर रखें।
ये भी देखें-





