महाराष्ट्र में दूध पीने वाले लोगों को अब अपनी जेब थोड़ी और ढीली करनी पड़ेगी। कोल्हापुर की सहकारी दुग्ध संस्था गोकुळ डेयरी ने भैंस और गाय के दूध की कीमतों में बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। नई दरें 21 नवंबर की मध्यरात्रि से लागू होंगी। इसके बाद भैंस का दूध 6 रुपये और गाय का दूध 4 रुपये प्रति लीटर महंगा हो जाएगा। इस फैसले का असर खासतौर पर कोल्हापुर, मुंबई और पुणे के उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।
अब कितने रुपये लीटर मिलेगा दूध?
गोकुळ डेयरी की नई दरों के मुताबिक, कोल्हापुर में भैंस के दूध की कीमत 72 रुपये से बढ़कर 78 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। वहीं, मुंबई और पुणे में इसके लिए 84 रुपये प्रति लीटर देने होंगे। इन दोनों शहरों में अभी भैंस का दूध 78 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है।
गाय के दूध की कीमत में भी 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद कोल्हापुर में गाय का दूध 58 रुपये और मुंबई-पुणे में 64 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।
दूध उत्पादक किसानों को भी मिलेगा फायदा
गोकुळ डेयरी ने दूध की बिक्री कीमतों के साथ किसानों से दूध खरीदने की दरों में भी बढ़ोतरी की है। भैंस के दूध की खरीद दर 3 रुपये और गाय के दूध की खरीद दर 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई है।
नई दरों के मुताबिक, 6 फीसदी फैट और 9 फीसदी SNF वाले भैंस के दूध का खरीद भाव 55 रुपये से बढ़कर 58 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। वहीं, 3.5 फीसदी फैट और 8.5 फीसदी SNF वाले गाय के दूध का खरीद भाव 37 रुपये से बढ़कर 39 रुपये प्रति लीटर होगा। डेयरी का अनुमान है कि इस बढ़ोतरी से उससे जुड़े दूध उत्पादक किसानों को हर महीने करीब 14 करोड़ रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।
चारा और उत्पादन लागत बढ़ने से लिया फैसला
गोकुळ डेयरी के अध्यक्ष राजेश पाटील के मुताबिक, पिछले कुछ समय में दूध उत्पादकों को दिए जाने वाले खरीद भाव में बढ़ोतरी की गई थी, लेकिन बिक्री कीमतों में उसी अनुपात में बदलाव नहीं हुआ था। इसी अंतर को कम करने और डेयरी के कामकाज को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
डेयरी के मुताबिक, पशु आहार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की कीमतें बढ़ने और दूध उत्पादन से जुड़े खर्चों में इजाफा होने से लागत पर दबाव बढ़ा है। इसके बावजूद फिलहाल पशु आहार के दाम नहीं बढ़ाने का फैसला किया गया है, ताकि सूखे जैसी परिस्थितियों में पशुपालकों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े।
गोकुळ डेयरी से रोजाना करीब 17 से 18 लाख लीटर दूध इकट्ठा किया जाता है। इसके लिए करीब 8,200 प्राथमिक दुग्ध सहकारी समितियां जुड़ी हुई हैं। ऐसे में दूध की खरीद दर बढ़ने से बड़ी संख्या में दूध उत्पादक किसानों को फायदा मिलने की उम्मीद है।





