खेती में ट्रैक्टर किसान के लिए सिर्फ एक मशीन नहीं, बल्कि रोजमर्रा के कई जरूरी कामों का साथी है। खेत की जुताई, बुवाई से लेकर फसल की ढुलाई तक, एक अच्छा ट्रैक्टर किसान का समय और मेहनत दोनों बचाता है। ऐसे में अगर ट्रैक्टर में अच्छी पावर के साथ मजबूत तकनीक, आरामदायक फीचर्स और लंबी वारंटी मिले, तो यह किसानों के लिए और भी फायदेमंद हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए Escorts Kubota ने भारतीय बाजार में दो नए ट्रैक्टर Kubota MU4502 और MU5002 लॉन्च किए हैं। दोनों ट्रैक्टरों को 41 से 50 HP सेगमेंट में उतारा गया है और इनकी सबसे बड़ी खासियत 8 साल की ट्रांसफरेबल वारंटी है।
तो आइए जानते हैं कि Kubota के ये दोनों नए ट्रैक्टर दूसरे ट्रैक्टरों से कैसे अलग हैं, इनमें कौन-कौन से फीचर्स दिए गए हैं और किसानों के लिए ये क्यों खास हो सकते हैं।
पावर
पहला है पावर। मतलब ये कि Kubota MU4502 में 45 HP, जबकि MU5002 में 50 HP की क्षमता है। दोनों ट्रैक्टरों में Kubota का KQP4 जापानी इंजन दिया गया है। साथ ही, इनमें 12 फॉरवर्ड और 4 रिवर्स Multi-Speed Synchromesh गियरबॉक्स मिलता है। इससे किसान खेती के अलग-अलग काम के हिसाब से ट्रैक्टर की स्पीड को आसानी से नियंत्रित कर सकता है। कंपनी के मुताबिक, दोनों ट्रैक्टर 5 एकड़ या उससे ज्यादा जमीन वाले किसानों के लिए उपयुक्त हैं और इन्हें देशभर में उपलब्ध कराया जाएगा।
स्थिरता
दोनों ट्रैक्टरों में Pompa Lift के साथ Dual Stabilizer Spring (DSS) तकनीक दी गई है। यह तकनीक असमान और ऊबड़-खाबड़ जमीन पर काम करते समय कृषि उपकरणों को स्थिर रखने में मदद करती है। साथ ही, उपकरण की काम करने की गहराई को भी बनाए रखने में मदद मिलती है। इनमें Balancer Shaft भी दिया गया है, जो इंजन से होने वाले कंपन को कम करता है। इससे किसान को लंबे समय तक ट्रैक्टर चलाने में बेहतर आराम मिल सकता है।
आराम
खेती के दौरान किसान को कई घंटे ट्रैक्टर चलाना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए MU4502 और MU5002 में फुल LED लाइटिंग, कवर फ्लैट-डेक प्लेटफॉर्म, बकेट सीट, सस्पेंडेड पैडल और डबल-एक्टिंग पावर स्टीयरिंग जैसे फीचर्स दिए गए हैं। ट्रैक्टर के जरूरी कंट्रोल्स भी ड्राइवर की सुविधा के हिसाब से लगाए गए हैं, ताकि काम के दौरान इन्हें आसानी से ऑपरेट किया जा सके।
उपयोगिता
इन ट्रैक्टरों का इस्तेमाल खेती के कई कामों में किया जा सकता है। ये सुपर सीडर, सीड ड्रिल, आलू प्लांटर, मिनी राउंड बेलर और कल्टीवेटर जैसे कृषि उपकरणों के साथ काम कर सकते हैं। इनका इस्तेमाल धान, गेहूं, मक्का, दलहन और सोयाबीन जैसी फसलों में किया जा सकता है। इसके अलावा, फसल और अन्य सामान की ढुलाई के साथ-साथ दूसरे व्यावसायिक कामों में भी इनका इस्तेमाल किया जा सकता है।
कमाई
MU4502 और MU5002 में Reverse PTO की सुविधा भी दी गई है। इसका इस्तेमाल रोटावेटर और स्ट्रॉ रीपर जैसे उपकरणों के साथ किया जा सकता है। कंपनी ने इन ट्रैक्टरों को कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग और कस्टम हायरिंग करने वालों को ध्यान में रखकर भी तैयार किया है। इसका मतलब है कि किसान अपने खेत के काम के अलावा ट्रैक्टर को दूसरे किसानों के खेतों में चलाकर अतिरिक्त कमाई भी कर सकता है।
वारंटी
इन दोनों ट्रैक्टरों की सबसे बड़ी खासियत 8 साल की ट्रांसफरेबल वारंटी है। Escorts Kubota के ट्रैक्टर डिवीजन के चीफ ऑफिसर राजन चुग ने बताया कि MU4502 और MU5002 दोनों 4WD ट्रैक्टर हैं और इन्हें खेती के साथ-साथ ढुलाई जैसे कई कामों के लिए तैयार किया गया है। आगे उन्होंने कहा कि कंपनी अब सिर्फ हॉर्सपावर नहीं, बल्कि “earning power” यानी किसान की कमाई बढ़ाने पर फोकस कर रही है। 4WD ट्रैक्टर किसानों को ज्यादा काम करने और कस्टम हायरिंग से अतिरिक्त कमाई का मौका दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि 8 साल की ट्रांसफरेबल वारंटी ट्रैक्टर की रीसेल वैल्यू को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकती है। यानी किसान भविष्य में ट्रैक्टर बेचता है, तो बची हुई वारंटी नए मालिक के लिए भी फायदेमंद होगी। कंपनी के अनुसार, भारतीय ट्रैक्टर बाजार में इस तरह की 8 साल की ट्रांसफरेबल वारंटी पहली बार दी गई है।





