बंगाल की खाड़ी में बना लो-प्रेशर एरिया सोमवार को डिप्रेशन में बदल गया। मंगलवार सुबह यह ओडिशा के गोपालपुर से करीब 220 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और पुरी से 220 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में केंद्रित था।
मौसम विभाग के मुताबिक, यह सिस्टम आज यानी मंगलवार को पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में और मजबूत होकर डीप डिप्रेशन में बदल सकता है। इसके बुधवार रात से गुरुवार सुबह के बीच आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम और ओडिशा के गोपालपुर के बीच तट को पार करने की संभावना है।
डीप डिप्रेशन के दौरान समुद्र में हवाओं की रफ्तार 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों के साथ यह करीब 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है।
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
ओडिशा के दक्षिणी हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान कई जगह हल्की से मध्यम बारिश के साथ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर बेहद भारी बारिश की भी आशंका है।
तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। उत्तर आंध्र प्रदेश और यानम में अगले दो दिनों के दौरान कुछ जगहों पर बेहद भारी बारिश हो सकती है।
तेलंगाना में आज से गुरुवार तक कई इलाकों में बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
झारखंड में अगले पांच दिनों तक कई जगह हल्की से मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। गुरुवार को कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।
पश्चिम बंगाल में भी अगले चार दिनों तक कई जगहों पर बारिश और कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।
पूर्वी मध्य प्रदेश में बुधवार और गुरुवार को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि शुक्रवार और शनिवार को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। विदर्भ में बुधवार से चार दिनों तक कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
उत्तर भारत में मानसून की वापसी तेज
इसी बीच, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी भी जारी है। सोमवार को मानसून की वापसी की रेखा राजस्थान से आगे बढ़कर पंजाब और हरियाणा तक पहुंच गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 से 3 दिनों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान के कुछ और हिस्सों के साथ सौराष्ट्र-कच्छ और जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों से भी मानसून की वापसी हो सकती है।


