दिल्ली की हवा एक बार फिर खराब होने लगी है। बुधवार को राजधानी का AQI 129 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। इससे पहले लगातार पांच दिनों तक दिल्ली की हवा ‘संतोषजनक’ श्रेणी में थी।
इसी बीच खेतों में पराली जलाने के मामले भी सामने आने लगे हैं। ICAR-IARI के मुताबिक, बुधवार को पंजाब और उत्तर प्रदेश में पराली जलाने के 7-7 मामले, मध्य प्रदेश में 4 और हरियाणा में 1 मामला दर्ज किया गया। यानी छह राज्यों में एक दिन में कुल 19 घटनाएं सामने आईं।
15 से 30 सितंबर के बीच इन राज्यों में पराली जलाने की कुल 114 घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें पंजाब में सबसे ज्यादा 59, उत्तर प्रदेश में 32, मध्य प्रदेश में 17, हरियाणा में 3 और राजस्थान में 2 मामले सामने आए। दिल्ली में भी पराली जलाने का एक मामला दर्ज हुआ है।
हवा की रफ्तार कम, बढ़ सकता है प्रदूषण
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में दिल्ली की हवा ‘मध्यम’ श्रेणी में रहने की संभावना है। हवा की रफ्तार कम रहने से प्रदूषण फैलने के बजाय वातावरण में ही जमा हो सकता है। अनुमान है कि 1 से 3 अक्टूबर तक दिल्ली की हवा मध्यम श्रेणी में रहेगी और इसके बाद भी ऐसी स्थिति बनी रह सकती है।
पराली जलाने की घटनाएं बढ़ने के साथ दिल्ली की हवा को लेकर चिंता भी बढ़ती है। धान की कटाई के बाद किसान अगली फसल की तैयारी के लिए खेत जल्दी खाली करने के लिए कई बार फसल अवशेष जला देते हैं।
बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी में पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश भी नहीं हुई।


