News Potli

छठ के प्रसाद ने लौटाई भूली-बिसरी फसलों की रौनक, बाजार में बढ़ी मांग

छठ में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की एक विशेषता यह भी है कि इसमें पोषण के अलग-अलग स्रोत शामिल हैं। यह पर्व ऐसे समय आता है जब गर्मी और बरसात के बाद मौसम ठंडा होने लगता है। इस दौरान उपलब्ध मौसमी फल और कंद-मूल पारंपरिक खानपान का हिस्सा बनते हैं।

NP

Pushya Mitra·14 Nov 2026

छठ के प्रसाद ने लौटाई भूली-बिसरी फसलों की रौनक, बाजार में बढ़ी मांग

पटना। बिहार में फलों की सबसे बड़ी मंडी राजधानी पटना की मुसल्लहपुर बाजार समिति में न घुस पाना आसान है, न निकल पाना। आसपास के कई शहरों से फल विक्रेताओं की भारी भीड़ यहां छठ के प्रसाद के तौर पर इस्तेमाल होने वाले फल, कंद और सब्जियों को खरीदने पहुंच रहे हैं। आम दिनों में जहां इस बाजार में सेब, केला, पपीता, अनार, नारंगी और अंगूर जैसे हर जगह आसानी से उपलब्ध होने वाले फल मिलते हैं, इन दिनों यहां सबसे अधिक मांग उन फलों की है, जिन्हें आप आम दिनों में न देखते हैं, न ढूंढते हैं।

इनमें सुथनी है, आंवला है, अमरख (कमरख या स्टार फ्रूट) है, शरीफा है, गागर नींबू है, पानी का फल सिंघाड़ा है, अल्हुआ है, गन्ना है। इनके अलावा पत्तियां समेत कच्ची हल्दी और अदरक है, हां, आम दिनों में बिकने वाला केला और नारियल भी भरपूर मात्रा में है।

यह सब इसलिये यहां बहुत डिमांड में है, क्योंकि छठ के सूप में इन्हीं प्रसादों का आधिपत्य होता है। इस लिहाज से देखें तो यह पर्व बिहार की पारंपरिक कृषि विविधता और स्थानीय खाद्य संस्कृति को बचाए रखने में भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

फलों का बाजार जो आमतौर पर छठ के समय ही देखने को मिलता है
फलों का बाजार जो आमतौर पर छठ के समय ही देखने को मिलता है

इन प्रसादों में कुछ तो उत्तर प्रदेश और ओड़िशा जैसे राज्य से आता है, मगर अब इनमें से बहुत सारे फलों को पटना का पड़ोसी जिला वैशाली खास तौर पर छठ के लिये उगाने लगा है।
हाजीपुर और आसपास के इलाकों का केला, मधुबनी का सिंघाड़ा, गया की बलुई जमीन में पैदा होने वाला शरीफा, नालंदा का कद्दू और गोपालगंज तथा सीतामढ़ी का गन्ना। इनके साथ ओल, अरुई, सुथनी, शकरकंद, मूली, आंवला, नारियल, नींबू और अदरक-हल्दी जैसी चीजें भी प्रसाद का हिस्सा बनती हैं। लाल रंग का शकरकंद ओडिशा से आता है।

जाहिर है ऐसे में छठ पर्व की वजह से भूली-बिसरी फसलों को बाजार मिलता है। सुथनी इसका अच्छा उदाहरण है। जमीन के भीतर उगने वाला यह कंद अब सामान्य सब्जी बाजारों में बहुत ज्यादा दिखाई नहीं देता, लेकिन छठ के समय इसकी मांग बढ़ जाती है।

मौसमी खानपान और पोषण का रिश्ता

छठ में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की एक विशेषता यह भी है कि इसमें पोषण के अलग-अलग स्रोत शामिल हैं। यह पर्व ऐसे समय आता है जब गर्मी और बरसात के बाद मौसम ठंडा होने लगता है। इस दौरान उपलब्ध मौसमी फल और कंद-मूल पारंपरिक खानपान का हिस्सा बनते हैं।

केले और सूखे नारियल की दुकान
केले और सूखे नारियल की दुकान

इस विषय पर शोध करने वाले दरभंगा के विद्यानाथ झा, जो बॉटनी के प्रोफेसर हैं, बताते हैं, केला ऊर्जा और पोटैशियम का अच्छा स्रोत है। इसमें विटामिन बी-6 और फाइबर भी मिलता है। सिंघाड़े में कार्बोहाइड्रेट, फाइबर और पोटैशियम पाया जाता है। शरीफा में प्राकृतिक शर्करा, फाइबर और विटामिन सी होता है।

"सुथनी, शकरकंद और ओल जैसे कंद-मूल कार्बोहाइड्रेट और फाइबर उपलब्ध कराते हैं। शकरकंद में बीटा-कैरोटीन भी पाया जाता है, जो शरीर में विटामिन ए में बदलता है। आंवला और नींबू विटामिन सी के स्रोत हैं। अदरक में मौजूद जिंजरॉल और हल्दी में मौजूद करक्यूमिन जैसे यौगिकों पर उनके जैव सक्रिय गुणों को लेकर वैज्ञानिक अध्ययन हुए हैं। मखाना में प्रोटीन और खनिज पाए जाते हैं। वहीं गन्ना प्राकृतिक शर्करा और ऊर्जा का स्रोत है। इस तरह छठ की पारंपरिक सामग्री में ऊर्जा, फाइबर, विटामिन और खनिजों के कई स्रोत एक साथ मौजूद रहते हैं।" वे आगे कहते हैं।

परंपरा के जरिये बचती है स्थानीय खाद्य विरासत

छठ की एक बड़ी विशेषता यह है कि इसकी पूजा सामग्री पूरी तरह किसी एक व्यावसायिक फसल या पैकेटबंद खाद्य पदार्थ पर निर्भर नहीं है। इसमें स्थानीय मौसम, मिट्टी, जलस्रोत और पारंपरिक खेती से जुड़ी उपज को जगह मिलती है।

इसका एक सांस्कृतिक महत्व भी है। जब किसी परिवार की अगली पीढ़ी सुथनी, सिंघाड़ा, ओल या किसी खास किस्म के केले को छठ के प्रसाद के रूप में पहचानती है, तो वह केवल एक फल या सब्जी से परिचित नहीं होती, बल्कि उसके पीछे मौजूद खेती और खाद्य परंपरा से भी जुड़ती है।

इस मसले पर टिप्पणी करते हुए बिहार में खेती-किसानी पर काम करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता इश्तेयाक अहमद कहते हैं, "छठ बस त्योहार नहीं है। इसी बहाने हम खत्‍म होती परंपरा और खाद्य विरासत से भी रूबरू होते हैं। अच्‍छी बात यह भी है क‍ि यह अब बस एक राज्‍य या देश तक सीम‍ित नहीं रहा है। हम जल और जलाशयों के पव‍ित्रता की कामना करते हैं। हमारी पूरा जीवन ही इसी के आसपास है। छठ स्‍थानीय अर्थव्‍यवस्‍था के ल‍िए बूस्‍टर की तरह है जैसे कुम्‍हारों के पास इस सीजन में खूब काम होता है।"

Chhath Puja 2026Seasonal Fruits and VegetablesTraditional CropsTraditional Fruits of Bihar Bihar FarmersMusallahpur Mandi PatnaChhath Puja Prasad
NP

About the Author

Pushya Mitra