उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में गोला गोकर्णनाथ स्थित बजाज चीनी मिल पर किसानों ने गन्ना भुगतान और अग्रिम राशि की मांग को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के नेतृत्व में किसानों ने नए पेराई सत्र में 100 रुपये प्रति क्विंटल अग्रिम भुगतान देने की मांग उठाई। किसानों का कहना है कि गन्ने की छिलाई, मजदूरी और डीजल पर करीब 60 रुपये प्रति क्विंटल खर्च हो रहा है। ऐसे में अग्रिम भुगतान मिलने से उन्हें खेती और गन्ने की ढुलाई से जुड़े खर्चों को पूरा करने में राहत मिलेगी।
यह धरना संगठन के जिला अध्यक्ष कुलवंत सिंह जोशन के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान किसानों ने कहा कि गन्ने की छिलाई से लेकर चीनी मिल तक पहुंचाने में काफी खर्च करना पड़ता है। इसलिए सरकार और चीनी मिल प्रबंधन को किसानों को 100 रुपये प्रति क्विंटल अग्रिम भुगतान देना चाहिए, ताकि वे आर्थिक परेशानी के बिना अपना गन्ना मिल तक पहुंचा सकें।
बजाज चीनी मिल पर 172 करोड़ रुपये गन्ना भुगतान बकाया
धरने के दौरान किसानों ने पिछले पेराई सत्र के बकाया गन्ना भुगतान का मुद्दा भी उठाया। संगठन की ओर से जिला गन्ना अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन के मुताबिक, बजाज चीनी मिल पर किसानों का करीब 172 करोड़ रुपये गन्ना भुगतान बकाया है। किसानों का कहना है कि भुगतान नहीं होने से क्षेत्र के गन्ना उत्पादकों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है। उन्होंने बकाया राशि का जल्द भुगतान कराने की मांग की।
10 दिसंबर को चीनी मिल का चक्का जाम करने की चेतावनी
किसानों ने अपनी मांगों को लेकर जिला गन्ना अधिकारी को संबोधित ज्ञापन संबंधित अधिकारी को सौंपा। इसमें पिछले पेराई सत्र के 172 करोड़ रुपये बकाया भुगतान और नए पेराई सत्र में 100 रुपये प्रति क्विंटल अग्रिम राशि दिलाने के लिए कार्रवाई करने की मांग की गई है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि अगर किसानों की मांगें नहीं मानी गईं तो 10 दिसंबर 2026 को गोला चीनी मिल का चक्का जाम किया जाएगा।
धरने में जिला महामंत्री जगप्रीत सिंह, अनुराग मिश्रा, मोहम्मद उस्मान, अनिल वर्मा, सतपाल सिंह, परवीन वर्मा, राहुल वर्मा, संजीव सिंह, निशान सिंह, अमरजीत सिंह, गुरमंत्र सिंह, गुरप्रीत सिंह, राजेश शुक्ला और गंगासागर समेत संगठन के कई पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे।


