पंजाब के किसानों ने मंगलवार को प्रदर्शन का ऐलान किया है। प्रदर्शन को देखते हुए पंजाब पुलिस ने किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल को नजरबंद किया।
पंजाब के किसानों ने एक बार फिर प्रदर्शन का ऐलान किया है। किसान संगठन 6 मई को शंभू बॉर्डर पर एक दिन का प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शन में पंजाब सरकार से उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जानी है, जिन्होंने मोर्चा हटाते हुए किसानों पर जबर जुल्म किया। वहीं किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए पंजाब की सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। कई किसान नेताओं के खिलाफ एक्शन शुरू हो गया है। उन्हें नजरबंद भी किया जा रहा है। पंजाब पुलिस ने किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल और सरवन सिंह पंधेर समेत कई किसान नेताओं के घरों पर छापेमारी की है। किसानों ने इस धरपकड़ पर पंजाब सरकार की निंदा की है। वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी इस प्रदर्शन के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी, साथ ही कहा कि, अगर लोगों को परेशान किया गया तो सख्त कार्रवाई करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा, “सभी संगठन, संस्थाएं और यूनियनें ध्यान दें। विरोध करने के और भी तरीके हैं, सिर्फ लोगों को परेशान करना ठीक नहीं है। ऐसा करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। पंजाब के मेहनतकश लोगों के हित में जारी.”
आपको बता दें कि किसान मजदूर मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) की ओर से मंगलवार यानि 6 मई को शंभू पुलिस स्टेशन के बाहर बड़े स्तर पर धरना करने का ऐलान किया गया है। इन किसान संगठनों का आरोप है कि, राज्य सरकार ने बलपूर्वक किसान आंदोलन को दबाया, धोखे से उनके किसान नेताओं को हिरासत में लिया गया।