सीहोर में 7 फरवरी को राष्ट्रीय दलहन कॉन्फ्रेंस, केंद्रीय कृषि मंत्री करेंगे अध्यक्षता

सीहोर में 7 फरवरी को राष्ट्रीय दलहन कॉन्फ्रेंस

7 फरवरी 2026 को मध्य प्रदेश के सीहोर में दलहन कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। इसमें सभी राज्यों के कृषि मंत्री शामिल होंगे और दलहन उत्पादन बढ़ाने व किसानों की आय बढ़ाने पर चर्चा होगी। सम्मेलन में किसानों से संवाद, प्रदर्शनी और फूड लेग्यूम्स रिसर्च सेंटर में नए भवन व प्रयोगशालाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा।

मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में दलहन क्षेत्र को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 7 फरवरी 2026 को एक बड़ी दलहन कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। कॉन्फ्रेंस में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ देश के सभी राज्यों के कृषि मंत्रियों को आमंत्रित किया गया है।

उद्देश्य क्या है?
यह सम्मेलन केंद्र सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) और आईकार्डा (ICARDA) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य देश में दलहन उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के उपायों पर व्यापक चर्चा करना है।

किसानों से सीधे संवाद करेंगे कृषि मंत्री
कॉन्फ्रेंस की तैयारियों को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक समीक्षा बैठक भी की गई। इसमें कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा हुई और बताया गया कि राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श कर दलहन क्षेत्र के लिए एक राष्ट्रीय स्तर का समग्र रोडमैप तैयार किया जाएगा।सम्मेलन के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री किसानों से सीधे संवाद करेंगे, ताकि उनकी समस्याओं और सुझावों को भी नीति निर्माण में शामिल किया जा सके। कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों और केंद्रीय कृषि मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की भी भागीदारी रहेगी।

किसानों को नई तकनीकों और उन्नत किस्मों की जानकारी भी मिलेगी
इसके अलावा, उसी दिन सीहोर स्थित फूड लेग्यूम्स रिसर्च सेंटर (FLRP) में प्रशासनिक भवन, किसान प्रशिक्षण केंद्र और उन्नत प्रयोगशालाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत दलहन विषयक प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें किसानों को नई तकनीकों, उन्नत किस्मों और शोध से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।इस सम्मेलन से उम्मीद की जा रही है कि देश में दलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए ठोस रणनीति बनेगी और किसानों को इस क्षेत्र से बेहतर आय के अवसर मिलेंगे।

ये देखें –

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *