उत्तर प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में MSP पर फसल बेचने के लिए किसानों को ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य है। इस बार धान, मक्का, बाजरा, ज्वार और श्रीअन्न सरकारी खरीद में शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश के किसान खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अपनी फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर बेच सकेंगे। इसके लिए किसानों को पहले ऑनलाइन पंजीकरण कराना जरूरी होगा। इस बार सरकारी खरीद में सिर्फ धान ही नहीं, बल्कि मक्का, बाजरा, ज्वार और अन्य श्रीअन्न भी शामिल किए गए हैं। सरकार ने MSP पर खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
MSP पर खरीद का फायदा
MSP पर फसल बेचने से किसानों को कई फायदे मिलेंगे। उन्हें बिचौलियों से छुटकारा मिलेगा और पूरा दाम सीधे सरकार से मिलेगा। खरीद प्रक्रिया पारदर्शी होगी और भुगतान समय पर होगा। साथ ही सरकार के पास किसानों और उनकी फसलों का पूरा रिकॉर्ड रहेगा, जिससे आगे की योजनाओं का लाभ उन्हें आसानी से मिल सकेगा।
दो चरणों में धान की खरीद
धान की सरकारी खरीद इस बार दो चरणों में होगी। पहले चरण में पश्चिमी यूपी के जिले मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, आगरा और बरेली में 1 अक्टूबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक खरीद होगी। दूसरे चरण में पूर्वी यूपी के जिले गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज और अयोध्या में 1 नवंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक खरीद चलेगी। अलग-अलग समय पर खरीद होने से केंद्रों पर भीड़ कम होगी और किसानों को सुविधा मिलेगी।
ये भी पढ़ें – मध्य प्रदेश में सोयाबीन पर लागू होगी भावांतर योजना
क्यों जरूरी है रजिस्ट्रेशन?
सरकारी खरीद का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा जिन्होंने रजिस्ट्रेशन कराया होगा। रजिस्ट्रेशन से सरकार को किसानों की संख्या और उनकी फसलों की जानकारी पहले से मिल जाएगी। इससे खरीद की प्रक्रिया आसान और तेज़ हो जाएगी। इसलिए किसान समय रहते रजिस्ट्रेशन करा लें।
रजिस्ट्रेशन कैसे करें?
किसान दो तरीकों से पंजीकरण कर सकते हैं।
- वेबसाइट से: fcs.up.gov.in पर ऑनलाइन फॉर्म भरकर।
- मोबाइल ऐप से: UP Kisan Mitra मोबाइल ऐप के जरिए।
जरूरी डॉक्यूमेंट्स
रजिस्ट्रेशन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक की कॉपी और खतौनी (भूमि प्रमाण पत्र) जरूरी है। किसानों को नाम, आधार नंबर, बैंक खाता और भूमि की जानकारी भरनी होगी। रजिस्ट्रेशन पूरा होने पर मिलने वाली रसीद खरीद केंद्र पर दिखाना अनिवार्य होगा।
ये देखें –
पूजा राय ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से पढ़ाई की है।
Lallantop में Internship करने के बाद NewsPotli के लिए कृषि और ग्रामीण भारत से जुड़ी खबरें लिखती हैं।