1 अक्टूबर से यूपी में मक्का, बाजरा और ज्वार की सरकारी खरीद, MSP में बड़ा इजाफा

यूपी

उत्तर प्रदेश सरकार 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2025 तक मक्का, बाजरा और ज्वार की सरकारी खरीद करेगी। किसानों के लिए MSP बढ़ा दिया गया है। मक्का ₹2400, बाजरा ₹2775, ज्वार (हाइब्रिड) ₹3699 और ज्वार (मालवांडी) ₹3749 प्रति क्विंटल। खरीद केवल पंजीकृत किसानों से होगी, जिसके लिए fcs.up.gov.in या UP Kisan Mitra एप पर रजिस्ट्रेशन जरूरी है।

उत्तर प्रदेश सरकार अब मोटे अनाज यानी श्रीअन्न की खेती को बढ़ावा देने के लिए बड़ी पहल कर रही है। 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2025 तक मक्का, बाजरा और ज्वार की सरकारी खरीद होगी। इसके लिए किसानों का रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है। सरकार ने इन फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) बढ़ा दिया है, जिससे किसानों की आय में अच्छी बढ़ोतरी होगी। अब मक्का ₹2400, बाजरा ₹2775, ज्वार (हाइब्रिड) ₹3699 और ज्वार (मालवांडी) ₹3749 प्रति क्विंटल में खरीदा जाएगा।

यहाँ करना होगा रजिस्ट्रेशन
खरीद में शामिल होने के लिए किसानों को fcs.up.gov.in या UP Kisan Mitra एप पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। केवल पंजीकृत किसानों से ही खरीद की जाएगी। पंजीकरण में किसी भी परेशानी के लिए किसान टोल-फ्री नंबर 18001800150 पर संपर्क कर सकते हैं या अपने जिले के खाद्य विपणन अधिकारी से मिल सकते हैं।

खरीद पूरी तरह पारदर्शी
खरीद पूरी तरह पारदर्शी होगी। ई-पॉस मशीन से किसानों का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा ताकि बिचौलियों पर रोक लग सके। खरीदी गई फसल का भुगतान सीधे किसानों के आधार-लिंक्ड बैंक खातों में जाएगा। खरीद सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।

ये भी पढ़ें – बीज से लेकर सिंचाई तक, जय सिंह से जानिए आलू की खेती में मुनाफे का फॉर्मूला

अलग-अलग जिलों में बनेंगे केंद्र
मक्का, बाजरा और ज्वार की खरीद के लिए अलग-अलग जिलों में केंद्र बनाए जाएंगे। जैसे मक्का की खरीद बदायूं, बुलंदशहर, हरदोई, उन्नाव, आगरा, इटावा, बहराइच, गोंडा, बलिया, जौनपुर समेत कई जिलों में होगी। बाजरा की खरीद बदायूं, आगरा, मथुरा, बरेली, प्रयागराज, फतेहपुर, बलिया आदि जिलों में होगी। वहीं, ज्वार की खरीद बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा और कानपुर देहात समेत कुछ जिलों में की जाएगी।

समय रहते करें रजिस्ट्रेशन
सरकार का मानना है कि मोटे अनाज की खेती किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य और पोषण के लिए भी फायदेमंद है। यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का भी काम करेगी। इसलिए किसानों से अपील है कि समय रहते रजिस्ट्रेशन करें और इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं।

ये देखें –

Pooja Rai

पूजा राय ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से पढ़ाई की है।
Lallantop में Internship करने के बाद NewsPotli के लिए कृषि और ग्रामीण भारत से जुड़ी खबरें लिखती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *