बिहार और झारखंड की प्रसिद्ध दूध ब्रांड सुधा डेयरी ने दूध के दाम में बढ़ोतरी कर दी है. अभी कुछ सप्ताह पहले ही मदर डेयरी ने भी दाम बढ़ाए थे. सुधा की नई कीमतें 22 मई यानी आज से लागू होंगी. दूध के दाम में 3 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है.
बिहार स्टेट मिल्क कोऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड द्वारा जारी नया रेट 22 मई से दोनों राज्यों में लागू होगा. सुधा ने दूध के दाम में दो से तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है. इस वृद्धि से आम लोग अपनी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं, जबकि सुधा डेयरी इसकी वजह दूध उत्पादन की बढ़ती लागत, पशुचारा की महंगाई और परिवहन खर्च में वृद्धि बता रही है. आपको बता दें कि हाल ही में मदर डेयरी ने भी प्रति लीटर करीब दो रुपये की बढ़ोतरी की थी.
फुल क्रीम मिल्क अब 65 रुपये प्रति लीटर होगा
बिहार स्टेट मिल्क कोऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड द्वारा जारी सुधा दूध के नए दामों में दो से तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है. नए रेट के अनुसार, फुल क्रीम मिल्क जो पहले 62 रुपये प्रति लीटर था, अब 65 रुपये प्रति लीटर होगा. सुधा शक्ति दूध की कीमत 55 रुपये के बजाय 57 रुपये प्रति लीटर हो गई है. इसके साथ ही काऊ मिल्क की कीमत 52 रुपये के बजाय 54 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है. इसके अलावा खुदरा दूध विक्रेताओं का मार्जिन सुधा के सभी पैकेटों पर 15 पैसे बढ़ा दिया गया है.
ये भी पढ़ें – तूफान के बाद आम की फसल को भारी नुकसान, यूपी में आंधी बारिश से चौतरफा तबाही
दूध के अलावा अन्य उत्पादों के दाम में कोई बढ़ोतरी नहीं
सुधा डेयरी द्वारा जारी दूध के नए दामों के बाद आम लोगों में नाराजगी है. यदि कोई व्यक्ति प्रतिदिन एक लीटर दूध लेता है, तो उसे अगले महीने से दूध के विभिन्न पैकेटों पर प्रति माह 60 से 90 रुपये अधिक चुकाने होंगे. लोगों का कहना है कि जिन घरों में एक लीटर से अधिक दूध की खपत होती है, उनके लिए बढ़े हुए दाम जेब पर अतिरिक्त खर्च बढ़ाएगा. वहीं, सुधा डेयरी दूध उत्पादन की बढ़ती लागत को दाम वृद्धि का कारण बता रही है. हालांकि, सुधा ने दूध के अलावा अपने अन्य उत्पादों के दाम में कोई बढ़ोतरी नहीं की है.
ये देखें –