केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लुधियाना स्थित आईसीएआर-भारतीय मक्का अनुसंधान संस्थान में नए प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया और किसानों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि पंजाब में बाढ़ से क्षतिग्रस्त 36,703 घरों के लिए ₹1.60 लाख प्रति परिवार सहायता दी जाएगी और गेहूं के बीज की मुफ्त आपूर्ति हेतु ₹74 करोड़ जारी किए गए हैं।पीएम किसान योजना के तहत 11.09 लाख किसानों को ₹222 करोड़ अग्रिम रूप से भेजे गए। उन्होंने मक्का की खेती को बढ़ावा देने और देशी उत्पादों के उपयोग की अपील की।
केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के लुधियाना स्थित आईसीएआर-भारतीय मक्का अनुसंधान संस्थान (IIMR) का दौरा किया। इस मौके पर उन्होंने संस्थान के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया और किसानों, मक्का हितधारकों, महिला स्वयं सहायता समूहों की दीदियों और ग्रामीण विकास योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत की। कार्यक्रम के बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पंजाब से जुड़ी केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं की जानकारी साझा की।
मक्का की खेती को बढ़ावा देने पर जोर
चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का मुख्य लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाना, उत्पादन लागत घटाना और देश के खाद्यान्न उत्पादन को बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि गेहूं और धान की तरह मक्का भी अब प्रमुख फसल के रूप में तेजी से उभर रही है। मक्का की खेती से पानी की बचत, बेहतर आमदनी और औद्योगिक उपयोग जैसे कई फायदे हैं। उन्होंने कहा कि धान का मुकाबला केवल मक्का ही कर सकता है और मक्का अनुसंधान संस्थान इस दिशा में अहम भूमिका निभा रहा है।
बाढ़ प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता
चौहान ने बताया कि पंजाब में बाढ़ से क्षतिग्रस्त 36,703 घरों के पुनर्निर्माण के लिए प्रति परिवार ₹1.60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें से ₹1.20 लाख मकान निर्माण के लिए और ₹40 हजार मजदूरी व शौचालय निर्माण के लिए दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाब के लिए ₹1600 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज मंजूर किया है, ताकि बाढ़ प्रभावित परिवारों को जल्दी राहत मिल सके।
ये भी पढ़ें – भारत ने 2024-25 में 7.75 लाख टन चीनी का निर्यात किया, नए सीजन के लिए जल्दी घोषणा की मांग
फसल नुकसान की भरपाई और बीजों की मुफ्त आपूर्ति
केंद्र सरकार ने फसल नुकसान की भरपाई के लिए गेहूं के बीज की मुफ्त आपूर्ति हेतु ₹74 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इसके अलावा सरसों और अन्य फसलों के बीजों के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है।
पीएम किसान योजना के तहत अग्रिम भुगतान
चौहान ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना के तहत 11.09 लाख किसानों के खातों में ₹222 करोड़ रुपये अग्रिम रूप से ट्रांसफर किए जा चुके हैं। वहीं बागवानी क्षेत्र में हुए नुकसान की भरपाई के लिए एमआईडीएच योजना के तहत भी सहायता भेजी जाएगी।
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुडियां भी मौजूद रहे।
ये देखें –