भारत बना दुनिया का सबसे तेजी से बढ़ता डेयरी सेक्टर: अमित शाह

अमित शाह

हरियाणा में 325 करोड़ की लागत से बने देश के सबसे बड़े सबर डेयरी प्लांट का उद्घाटन गृह मंत्री अमित शाह ने किया। शाह ने कहा कि बीते 11 सालों में भारत का डेयरी सेक्टर 70% बढ़ा है और आज यह दुनिया का सबसे तेज़ी से बढ़ता उद्योग है। दूध उत्पादन 146 से बढ़कर 239 मिलियन टन और प्रति व्यक्ति उपलब्धता 124 ग्राम से 471 ग्राम हो गई है।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को हरियाणा के इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप में बने अत्याधुनिक सबर डेयरी प्लांट का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में भारत के डेयरी सेक्टर ने 70 प्रतिशत की जबरदस्त वृद्धि दर्ज की है और आज यह दुनिया का सबसे तेज़ी से बढ़ने वाला सेक्टर बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डेयरी उद्योग ने नई ऊँचाइयाँ हासिल की हैं और किसानों की आमदनी लगातार बढ़ रही है।

325 करोड़ की लागत से बना सबसे बड़ा उत्पादन केंद्र
325 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह प्लांट देश का सबसे बड़ा दही, छाछ और योगर्ट उत्पादन केंद्र होगा। इसमें अत्याधुनिक मशीनरी लगाई गई है, जिससे बड़ी संख्या में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसकी प्रतिदिन उत्पादन क्षमता 150 मीट्रिक टन दही, 3 लाख लीटर छाछ, 10 लाख लीटर योगर्ट और 10 मीट्रिक टन मिठाई बनाने की है। गुजरात मुख्यालय वाला सबरकांठा जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ (सबर डेयरी) अब राजस्थान, हरियाणा, महाराष्ट्र, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार तक किसानों को सेवाएं देगा।

दुग्ध उत्पादन में भारत की छलांग
अमित शाह ने बताया कि भारत में दुग्ध पशुओं की संख्या 2014-15 के 8.6 करोड़ से बढ़कर अब 11.2 करोड़ हो गई है। इसी तरह दूध उत्पादन 146 मिलियन टन से बढ़कर 239 मिलियन टन तक पहुंच गया है। पहले प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता केवल 124 ग्राम थी, जो अब बढ़कर 471 ग्राम हो गई है। आज देश के 8 करोड़ किसान सीधे डेयरी सेक्टर से जुड़े हैं और समृद्धि की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।

ये भी पढ़ें – केंद्र सरकार ने लिया बड़ा फैसला, मांस और हड्डियों से बने खाद की अनुमति वापस

व्हाइट रिवोल्यूशन 2.0 का लक्ष्य
शाह ने कहा कि सरकार का मकसद 2028-29 तक डेयरी सहकारिताओं द्वारा दूध की खरीद को 1,007 लाख किलो प्रतिदिन तक पहुंचाना है। इसके लिए देशभर में आधुनिक डेयरी प्लांट स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि 2029 तक देश की हर पंचायत में एक सहकारी समिति होगी, जो किसानों की आय बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।

उत्तर भारत के किसानों को सीधा लाभ
नए सबर डेयरी प्लांट से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) और उत्तरी राज्यों की जरूरतें पूरी होंगी। शाह ने कहा कि हरियाणा समेत पूरे उत्तर भारत में इस प्लांट के उत्पाद पहुंचेंगे, जिससे किसानों की आय और अवसर दोनों बढ़ेंगे।

ये देखें –

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *