बिहार सरकार ने खेती में तकनीक बढ़ाने के लिए एआई आधारित कृषि रेडियो सेवा शुरू की है। इसे उपमुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने लॉन्च किया। किसान इस ऐप को मोबाइल पर डाउनलोड कर सकते हैं, जहाँ उन्हें मौसम पूर्वानुमान, फसल रोग प्रबंधन, मंडी भाव और सरकारी योजनाओं की जानकारी 24×7 मिलेगी। इसमें एआई आधारित विश्लेषण और सवाल-जवाब की सुविधा भी होगी, जिससे खेती आसान और फायदेमंद बनेगी।
समय के साथ खेती में तकनीक का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। अब बिहार सरकार ने भी इस दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को उपमुख्यमंत्री और कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) आधारित कृषि रेडियो प्रसार प्रणाली की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक से खेती को मजबूती मिलेगी और यह किसानों के लिए एक क्रांतिकारी पहल साबित होगी।
एआई कृषि रेडियो
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि एआई और कृषि के मेल से खेती में नई तकनीकी क्रांति आएगी। इससे किसानों की आमदनी बढ़ेगी और वे जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपट सकेंगे। इसी दिशा में “बिहार कृषि रेडियो” नाम से डिजिटल रेडियो सेवा शुरू की गई है।
ये भी पढ़ें – मध्य प्रदेश में सोयाबीन पर लागू होगी भावांतर योजना
किसानों के लिए खास ऐप
किसान इस सेवा को प्ले-स्टोर और ऐप-स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। ऐप पर उन्हें मौसम पूर्वानुमान, फसल रोग प्रबंधन, सरकारी योजनाएं, मंडी भाव और बाजार की स्थिति जैसी जानकारी मिलेगी। इसमें एआई आधारित विश्लेषण की सुविधा भी है, जो मौसम, मिट्टी और बाजार डेटा के आधार पर त्वरित सलाह देगा।
24×7 उपलब्ध सेवा
यह रेडियो सेवा किसानों के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। इसमें इंटरैक्टिव सुविधा भी है, जिससे किसान सीधे एआई से सवाल पूछकर जवाब पा सकेंगे। इसके जरिए फसल रोग नियंत्रण, बाजार भाव और सरकारी योजनाओं की सटीक जानकारी किसानों को समय-समय पर मिलती रहेगी।
ये देखें –
पूजा राय ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से पढ़ाई की है।
Lallantop में Internship करने के बाद NewsPotli के लिए कृषि और ग्रामीण भारत से जुड़ी खबरें लिखती हैं।