कृषि विज्ञानी एवं वर्तमान में ICRISAT में डीडीजी (रिसर्च) डॉ. मांगी लाल जाट को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) का महानिदेशक एवं कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (DARE) का सचिव नियुक्त किया गया है। कृषि विज्ञानी के रूप में जाट का लंबा अनुभव है। नेचुरल रिसोर्स मैनेजमेंट में उन्होंने ग्लोबल लीडर के रूप में पहचान बनाई है।आइसीएआर में वह हिमांशु पाठक की जगह लेंगे, जिन्हें हाल में ही अंतरराष्ट्रीय फसल अनुसंधान संस्थान का महानिदेशक नियुक्त किया गया है।
केंद्र ने शुक्रवार को डॉ. जाट की नियुक्ति से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है। उनकी नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने के बाद तीन वर्ष के लिए प्रभावी होगी। 54 वर्षीय डॉ. मांगी लाल जाट वर्तमान में हैदराबाद स्थित ICRISAT में डिप्टी डायरेक्टर जनरल (रिसर्च – अतिरिक्त प्रभार) और ग्लोबल रिसर्च प्रोग्राम के निदेशक के तौर पर काम कर रहे थे। इससे पहले वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित संस्थानों अंतरराष्ट्रीय मक्का और गेहूं सुधार केंद्र) और अंतरराष्ट्रीय धान अनुसंधान संस्थान में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं।
ये भी पढ़ें – भारत में करोड़ों परिवारों के लिए आजीविका, भोजन और सम्मान का स्रोत है कृषि, BRICS सम्मेलन में बोले कृषि मंत्री चौहान

खेती की चुनौतियों पर गहराई से किया है काम
डॉ जाट को कृषि प्रणाली, जलवायु अनुकूलन और संसाधन प्रबंधन में दो दशकों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने विकासशील देशों में खेती की चुनौतियों पर गहराई से काम किया है। जलवायु परिवर्तन, मिट्टी की सेहत, जल और भूमि प्रबंधन तथा डिजिटल एग्रीकल्चर जैसे विषय उनके अनुसंधान के प्रमुख क्षेत्र रहे हैं।उन्होंने वैज्ञानिकों के मार्गदर्शक के साथ देश-विदेश के किसानों को भी अपने ज्ञान से लाभान्वित करने का काम किया है। उनका शोध कार्य टिकाऊ कृषि प्रणाली के निर्माण में अत्यंत प्रभावशाली रहा है।
ये देखें –
पूजा राय ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से पढ़ाई की है।
Lallantop में Internship करने के बाद NewsPotli के लिए कृषि और ग्रामीण भारत से जुड़ी खबरें लिखती हैं।